दिवित ओलक को अंतिम अरदास में नम आंखों से दी श्रद्धांजलि, GTC Network के MD & President डॉ. रबींद्र नारायण और CEO पल्लवी श्रीवास्तव ने साझा किया दुख

दिवित ओलक की अंतिम अरदास जालंधर में आयोजित हुई। GTC Network के MD एवं प्रेसिडेंट डॉ. रबींद्र नारायण और CEO पल्लवी श्रीवास्तव समेत पंजाबी संगीत जगत की कई हस्तियों ने दिनेश ओलक के परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

By  Preeti Kamal November 5th 2026 04:00 PM

जालंधर, पंजाब: मशहूर म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स (Speed Records) के मालिक दिनेश ओलक के बेटे दिवित ओलक की अंतिम अरदास और भोग का कार्यक्रम गुरुवार, 5 नवंबर को जालंधर में आयोजित किया गया। इस मौके पर पंजाबी संगीत और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां दिवित को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। GTC Network के MD एवं प्रेसिडेंट डॉ. रबींद्र नारायण और CEO पल्लवी श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर ओलक परिवार के साथ दुख साझा किया।

महज 18 साल की उम्र में दिवित के असमय निधन से परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों और पूरी पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अंतिम अरदास के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत दी।

बाथ कैसल में हुआ अंतिम अरदास और भोग का कार्यक्रम

दिवित ओलक की अंतिम अरदास और भोग का कार्यक्रम जालंधर के जीटी रोड स्थित बाथ कैसल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक चला। इस दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, दोस्तों और पंजाबी मनोरंजन जगत से जुड़ी हस्तियों ने दिवित को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवित ओलक का जन्म 18 मार्च 2008 को हुआ था। 1 नवंबर 2026 को जालंधर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में उनकी जान चली गई थी। इसके बाद 3 नवंबर को उनका अंतिम संस्कार किया गया था।

GTC Network के डॉ. रबींद्र नारायण और पल्लवी श्रीवास्तव ने परिवार से मिलकर जताया दुख

दिवित ओलक की अंतिम अरदास में GTC Network के MD एवं प्रेसिडेंट डॉ. रबींद्र नारायण और CEO पल्लवी श्रीवास्तव की मौजूदगी भी रही। दोनों ने स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक और उनके परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत दिवित को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दुख की घड़ी में GTC Network के नेतृत्व की मौजूदगी ने ओलक परिवार के प्रति संवेदना और एकजुटता प्रकट की। पंजाबी संगीत और मीडिया जगत से जुड़े लोगों ने भी परिवार के साथ खड़े होकर इस अपूरणीय क्षति पर दुख साझा किया।

जैजी बी, गिप्पी ग्रेवाल समेत कई पंजाबी कलाकार पहुंचे

दिवित ओलक को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई जाने-माने कलाकार और हस्तियां पहुंचीं। इनमें गिप्पी ग्रेवाल, जैजी बी, अमृत मान, प्रीत हरपाल, परमिश वर्मा और कौर बी समेत कई पंजाबी कलाकार शामिल रहे। सभी ने दिनेश ओलक और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। दिवित के निधन की खबर सामने आने के बाद से ही पंजाबी संगीत जगत की कई हस्तियां सोशल मीडिया और व्यक्तिगत मुलाकातों के जरिए परिवार के साथ दुख साझा कर रही हैं।

1 नवंबर को सड़क हादसे में हुई थी दिवित ओलक की मौत

बता दें कि दिवित ओलक की 1 नवंबर 2026 को जालंधर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह अपने दोस्तों के साथ कार में सफर कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, उनकी कार पुलिस लाइंस के पास एक फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली ट्रॉली से टकरा गई थी।

इस हादसे में दिवित के साथ कार में सवार उनके दोस्त आरव तलवार की भी जान चली गई थी। दिवित की उम्र महज 18 साल थी। वह स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक के बेटे और मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह के भतीजे थे। दिवित के असमय निधन ने पंजाबी संगीत और मनोरंजन जगत को गहरा सदमा पहुंचाया है। अंतिम अरदास में उमड़ी हस्तियों और लोगों की भीड़ इस बात की गवाह रही कि दिवित के जाने से परिवार के साथ-साथ पूरी इंडस्ट्री को गहरा दुख पहुंचा है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.