नई दिल्ली: पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के बहुप्रतीक्षित दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के मद्देनजर आसपास की सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित रास्तों से बचने, यात्रा की योजना पहले से बनाने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। कार्यक्रम के दौरान भीड़ और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए कई प्रमुख सड़कों पर विशेष व्यवस्था की गई है।
इन प्रमुख सड़कों पर प्रभावित रहेगा ट्रैफिक
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी एवेन्यू रोड, पांचवीं एवेन्यू रोड, सीजीओ कॉम्प्लेक्स क्षेत्र और JLN स्टेडियम परिसर की आंतरिक सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा बारापुल्ला फ्लाईओवर, आईएनए से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन तक का मार्ग, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़कों पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) posts on X, "Delhi Metro to extend train services on 30th October, 2026. To facilitate the movement of spectators attending the 'Aura India Tour 2026' concert by renowned artist Diljit Dosanjh at Jawaharlal Nehru Stadium on 30th October 2026, the Delhi Metro Rail Corporation has made special operational arrangements, including the extension of Metro train services beyond normal operating hours on all Metro Lines (except the Airport Express Line and Rapid Metro, Gurugram).
DMRC has planned to extend Metro train services on all Lines (except the Airport Express Line) up to 00:00 hrs (midnight) on the day of the concert i.e, 30th October 2026. Additional train trips will be operated across the network to facilitate the smooth dispersal of spectators after the event. Standby trains will also be kept ready for deployment, if required, to cater to any unforeseen surge in passenger traffic. In addition, the timings for QR ticket purchase on DMRC mobile App (Delhi Metro Sarthi) shall also be increased by an hour owing to extended service timings on the day...
— Press Trust of India (@PTI_News) October 29, 2026
8 स्थानों पर रूट डायवर्जन, जानें कहां से गुजरें वाहन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आठ स्थानों पर डायवर्जन की व्यवस्था की है। प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं:
- लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज रोड की ओर जाने वाले वाहनों को सीधे जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें लोधी फ्लाईओवर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि, लोधी फ्लाईओवर रेड लाइट से अरबिंदो मार्ग की ओर सीधा यातायात प्रभावित नहीं होगा।
- लाला लाजपत राय मार्ग से JLN स्टेडियम की तरफ जाने वाले वाहनों को स्टेडियम की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें लोधी फ्लाईओवर की तरफ भेजा जाएगा।
- लाला लाजपत राय मार्ग पर SIP रोड से सूचना भवन की ओर जाने वाले वाहनों को भी लोधी फ्लाईओवर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- भीष्म पितामह मार्ग से JLN स्टेडियम ट्रैफिक सिग्नल की ओर आने वाले वाहनों को स्टेडियम गेट नंबर 1 और कोटला मुबारकपुर की तरफ जाने से रोका जाएगा। इन्हें मेहरचंद मार्केट और लोधी कॉलोनी की ओर भेजा जाएगा।
- कुशक नाला बस डिपो ट्रैफिक सिग्नल से आने वाले वाहनों को स्टेडियम के गेट नंबर 3, 4, 5, 6 और 7 की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें चौथी एवेन्यू रोड से लोधी रोड या आईएनए से अरबिंदो मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
- लोधी कॉलोनी रोड से पांचवीं एवेन्यू रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को भीष्म पितामह बाग मार्ग की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें लोधी रोड और चौथी एवेन्यू रोड से जोर बाग रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जरूरत पड़ने पर दो अतिरिक्त डायवर्जन पॉइंट सक्रिय करने की भी व्यवस्था की है। भीष्म पितामह मार्ग (कोटला मुबारकपुर के पास) से स्टेडियम की ओर जाने वाले वाहनों को वर्मा मार्ग से लाला लाजपत राय मार्ग तक भेजा जाएगा। यहां से यू-टर्न लेकर रिंग रोड की तरफ जाना होगा। वहीं, भीष्म पितामह मार्ग और लोधी रोड के टी-जंक्शन से स्टेडियम की ओर आने वाले वाहनों को आर्च बिशप मार्ग, लोधी फ्लाईओवर और मदरसा-अरबिंदो मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
कॉन्सर्ट में जाने के लिए मेट्रो का करें इस्तेमाल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है। एडवाइजरी के मुताबिक, वायलेट और येलो लाइन पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी।
वायलेट लाइन से आने वाले दर्शक:
- JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं।
- यहां से स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पैदल पहुंचा जा सकता है।
येलो लाइन से आने वाले दर्शक:
- आईएनए मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं।
- यहां से गेट नंबर 3, 6 और 8 तक पहुंचने के लिए कैब या ऑटो लेकर कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट तक जा सकते हैं।
कैब और ऑटो के लिए बनाए गए तीन पिकअप-ड्रॉप पॉइंट
दर्शकों की सुविधा के लिए कैब, ऑटो और अन्य वाहनों के लिए तीन निर्धारित पिकअप एवं ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं।
- आर्च बिशप मार्ग: यहां से स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पहुंचा जा सकता है।
- लाल मस्जिद-प्रगति विहार: यहां से भी गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पहुंचने की सुविधा होगी।
- कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट: यहां से स्टेडियम के गेट नंबर 3, 6 और 8 तक पहुंचा जा सकता है।
अलग-अलग इलाकों से आने वालों के लिए निर्धारित रास्ते
ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से आने वाले दर्शकों के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं।
- उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण दिल्ली से आने वाले लोग अरबिंदो मार्ग के रास्ते लोधी रोड पहुंचकर आर्च बिशप मार्ग पर उतर सकते हैं।
- दक्षिण, पूर्व और दक्षिण-पूर्व दिल्ली से आने वाले दर्शक लाला लाजपत राय मार्ग के जरिए लाल मस्जिद-प्रगति विहार ड्रॉप पॉइंट तक पहुंच सकते हैं।
- नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली से आने वाले लोगों को लोधी रोड पहुंचने से पहले आर्च बिशप मार्ग पर उतरने की सलाह दी गई है।
एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस और मेडिकल इमरजेंसी से जुड़े वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। इनके लिए रास्ता खुला रखा जाएगा। पुलिस ने लोगों से सड़क किनारे वाहन पार्क नहीं करने, यातायात नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देश मानने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए भी कहा गया है।
सुरक्षा कारणों से पहले अनुमति पर लगा था संशय
दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट पहले भी चर्चा में रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में सुरक्षा संबंधी चिंताओं, कम समय में मिली अनुमति की मांग और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार किया था। हालांकि, इसके एक दिन बाद आयोजकों और पुलिस अधिकारियों के बीच कई दौर की बैठकों के बाद कार्यक्रम को मंजूरी दे दी गई। आयोजकों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत योजना पेश की थी।
दिल्ली में कार्यक्रम के बाद दिलजीत दोसांझ के भारत दौरे का अगला पड़ाव इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ होगा। चंडीगढ़ भी इस दौरे का हिस्सा रहेगा, हालांकि वहां के कार्यक्रम की तारीख और अन्य विवरण बाद में घोषित किए जाएंगे।
Add GTC Bharat on Google