दिवित ओलक का आज होगा अंतिम संस्कार, पंजाबी फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर

दिवित ओलक का आज जालंधर में अंतिम संस्कार होगा। स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक के 18 वर्षीय बेटे के निधन से पंजाबी फिल्म और संगीत जगत में शोक है। यो यो हनी सिंह समेत कई कलाकारों ने परिवार से मुलाकात की।

By  Preeti Kamal November 3rd 2026 01:04 PM

जालंधर, पंजाब: पंजाबी फिल्म और संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दिवित ओलक का आज (3 नवंबर) दोपहर बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। महज 18 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले दिवित के निधन से पूरी पंजाबी इंडस्ट्री में शोक का माहौल है। कई कलाकारों, गायकों और फिल्मी हस्तियों ने उनके निधन पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, दिवित ओलक का अंतिम संस्कार जालंधर के मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा। इस दौरान पंजाबी संगीत, गायकी, सिनेमा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

स्पीड रिकॉर्ड्स के प्रबंधक दिनेश ओलक के बेटे थे दिवित

दिवित ओलक प्रसिद्ध म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के प्रबंधक दिनेश ओलक के बेटे थे। वह अपने पिता के साथ संगीत और फिल्मों से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स में सक्रिय रूप से काम कर रहे थे। कम उम्र में ही उन्होंने एल्बम और फिल्म परियोजनाओं में अपना योगदान देना शुरू कर दिया था। उनका असमय निधन परिवार, दोस्तों और उन्हें जानने वाले लोगों के लिए गहरा सदमा है।

GTC Network के एमडी एवं प्रेसिडेंट रबींद्र नारायण जी ने परिवार से मिलकर जताया दुख

दिवित ओलक के निधन पर GTC Network के एमडी एवं प्रेसिडेंट रबींद्र नारायण जी ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं साझा कीं और दिवित को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम संस्कार को लेकर पुलिस के विशेष इंतजाम

अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में कलाकारों और अन्य गणमान्य लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जालंधर पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है। दिवित ओलक के निधन से पंजाबी संगीत और फिल्म जगत को गहरा दुख पहुंचा है। इतनी कम उम्र में उनका चले जाना परिवार और पूरी इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।

यो यो हनी सिंह भी पहुंचे जालंधर

दिवित ओलक रैपर यो यो हनी सिंह के भतीजे भी थे। दिवित के निधन की खबर मिलने के बाद हनी सिंह दुबई में अपने कार्यक्रम बीच में छोड़कर जालंधर पहुंचे। उन्होंने दिवित के पिता दिनेश ओलक को गले लगाकर सांत्वना दी। इस दौरान दोनों भावुक हो गए। हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर दिवित के बचपन की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी दी। पंजाबी गायक जैजी बी, गिप्पी ग्रेवाल, अभिनेत्री नीरू बाजवा, शहनाज गिल और अभिनेता बिन्नू ढिल्लों समेत कई कलाकारों ने भी परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.