जालंधर फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, Speed Records मालिक के बेटे समेत 2 की मौत

जालंधर में सड़क हादसे में यो यो हनी सिंह के भतीजे दिविक ओलक और उनके दोस्त आरव तलवार की मौत हो गई। दोनों की कार फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर दुख जताया

By  Preeti Kamal November 1st 2026 01:52 PM -- Updated: November 1st 2026 01:15 PM

जालंधर, पंजाब: पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों में मशहूर सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह के भतीजे दिविक ओलक भी शामिल हैं। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ, जहां बर्थडे पार्टी से घर लौट रही उनकी फॉक्सवैगन कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। हादसे में विदित के दोस्त आरव तलवार की भी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान दिविक ओलक और आरव तलवार के रूप में हुई है। दिविक पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स (Speed Records) के मालिक दिनेश ओलक के बेटे थे, जबकि आरव तलवार पप्पी स्वीट्स (Pappy Sweets) के मालिक के बेटे थे। इस हादसे की खबर सामने आने के बाद पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

हनी सिंह ने भतीजे की मौत पर जताया दुख

दिविक ओलक की मौत की खबर सामने आने के बाद सिंगर यो यो हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दुख जाहिर किया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, "It's a dark decade for me. Loss of my nephew is devastating. Bhole Nath, mehr, mehr, mehr."


इसका अर्थ है कि यह उनके लिए दुखों से भरा दशक है और अपने भतीजे को खोना उनके लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने भोलेनाथ से कृपा बनाए रखने की प्रार्थना भी की।

फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे नगर निगम के कर्मचारी

थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस को तड़के करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई का काम कर रहे थे। कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने और उसे ले जाने के लिए फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की गई थी। इसी दौरान बीएमसी चौक की तरफ से बीएसएफ चौक की ओर जा रही फॉक्सवैगन कार पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कार में सवार दो युवकों की जान चली गई।

कार में सवार थे पांच युवक

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय कार में कुल पांच युवक सवार थे। इनमें से दो की मौत हो गई, जबकि बाकी तीन युवक हादसे के बाद अपने घर जा चुके थे। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

परिजनों को सौंपे गए दोनों युवकों के शव

एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि दोनों मृतकों के परिवारों ने पुलिस कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए। इस हादसे से जालंधर में शोक का माहौल है। बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे दो दोस्तों की मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.