CM विजय की 'जन नायकन' को मिला 'A' सर्टिफिकेट, जल्द सिनेमाघरों में होगी रिलीज

रिलीज से पहले फिल्म विवादों में भी रही, जब इसके कुछ हिस्से कथित तौर पर ऑनलाइन लीक हो गए। KVN Productions ने दर्शकों से अपील की थी कि वे लीक वीडियो न देखें और न ही साझा करें।

By  Preeti Kamal July 12th 2026 02:10 PM -- Updated: July 12th 2026 01:21 PM

चेन्नई, तमिलनाडु: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) की बहुप्रतीक्षित और बतौर अभिनेता अंतिम फिल्म 'जन नायकन (Jana Nayagan)' अब जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। लंबे समय तक चली सर्टिफिकेशन प्रक्रिया के बाद फिल्म को आखिरकार केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से 'A' सर्टिफिकेट मिल गया है।

फिल्म निर्माताओं ने शनिवार को सोशल मीडिया पर नया पोस्टर जारी कर इसकी जानकारी दी। पोस्टर के साथ लिखा गया, "See you soon in theatres nanba and nanbis. Jana Nayagan censored A." पहली बार प्रोडक्शन हाउस ने अपने प्रचार सामग्री में विजय का उल्लेख "The Honourable Chief Minister of Tamil Nadu... C. Joseph Vijay" के रूप में किया।

फिल्म 'जन नायकन' जल्द सिनेमाघरों में होगी रिलीज

हालांकि, निर्माताओं ने अभी फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है, लेकिन पुष्टि की है कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह सर्टिफिकेशन कई महीनों से चल रहे कानूनी और नियामकीय विवाद के बाद मिला है। 'जना नायकन' पहले 9 जनवरी को पोंगल के अवसर पर रिलीज होने वाली थी, लेकिन CBFC ने कुछ दृश्यों से धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका जताते हुए फिल्म को प्रमाणपत्र देने से इनकार कर दिया था।


9 जनवरी को एकल पीठ के आदेश पर लगी थी रोक

इसके बाद मामला अदालत पहुंचा। हाईकोर्ट की एकल पीठ ने फिल्म को U/A 16 सर्टिफिकेट देने का आदेश दिया था, जिससे निर्माताओं को अस्थायी राहत मिली। लेकिन CBFC ने इस फैसले को हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में चुनौती दी, जिसने 9 जनवरी को एकल पीठ के आदेश पर रोक लगा दी। इसके बाद निर्माताओं ने राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।

फिल्म 'जन नायकन' का विवादों से रहा गहरा नाता

रिलीज से पहले फिल्म विवादों में भी रही, जब इसके कुछ हिस्से कथित तौर पर ऑनलाइन लीक हो गए। KVN Productions ने दर्शकों से अपील की थी कि वे लीक वीडियो न देखें और न ही साझा करें। प्रोडक्शन हाउस ने कहा था कि कुछ मामलों में पूरी फिल्म अवैध रूप से ऑनलाइन प्रसारित कर दी गई थी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

फिल्म में ममिता बैजू, पूजा हेगड़े, प्रकाश राज भी शामिल हैं

एच. विनोथ (H. Vinoth) के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विजय के साथ ममिता बैजू, पूजा हेगड़े, प्रकाश राज, बॉबी देओल, गौतम वासुदेव मेनन, प्रियामणि और नारायण अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

'भगवंत केसरी' (2023) की आधिकारिक रीमेक है ये फिल्म

फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी सत्यन सूर्यन, एडिटिंग प्रदीप ई. राघव और प्रोडक्शन डिजाइन वी. सेल्वाकुमार ने संभाला है। 'जन नायकन' राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता तेलुगु फिल्म 'भगवंत केसरी' (2023) की आधिकारिक रीमेक है, जिसमें नंदमुरी बालकृष्ण और श्रीलीला मुख्य भूमिकाओं में थे।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.