भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का दिल्ली कूच, पंजाब पुलिस ने शंभू बॉर्डर सील किया
भारत-अमरीका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में किसानों के दिल्ली मार्च से पहले पंजाब पुलिस ने शंभू बॉर्डर सील कर दिया है। 'देश बचाओ मोर्चा' के तहत किसान दिल्ली के किसान घाट पर महापंचायत में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। केंद्र ने कहा है कि किसी भी व्यापार समझौते में किसानों के हितों से समझौता नहीं होगा।
अंबाला, हरियाणा: प्रस्तावित भारत-अमरीका व्यापार समझौते के विरोध में किसानों के दिल्ली मार्च से पहले पंजाब पुलिस ने मंगलवार को शंभू बॉर्डर को सील कर दिया। पंजाब-हरियाणा सीमा पर बड़ी संख्या में किसान जुटे हैं और वे दिल्ली के किसान घाट पर प्रस्तावित 'देश बचाओ मोर्चा' महापंचायत में शामिल होने के लिए मार्च की तैयारी कर रहे हैं। पटियाला की ओर से सामने आए दृश्यों में शंभू बॉर्डर पर बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ दिखाई दी। किसान प्रस्तावित भारत-अमरीका व्यापार समझौते के खिलाफ राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं।
किसानों के एक दिवसीय दिल्ली मार्च को देखते हुए शंभू बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इससे पहले सोमवार को किसानों ने अंबाला-पंजाब हाईवे पर शंभू टोल प्लाजा के पास भारतीय किसान यूनियन (चरूनी गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चरूनी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया था।
प्रदर्शनकारियों की कुछ मांगे दिल्ली से जुड़ी हैं
अंबाला के डीएसपी जगबीर सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदर्शनकारियों की कुछ मांगें दिल्ली से जुड़ी हुई थीं और इस वजह से अमृतसर से दिल्ली जाने वाला मार्ग बाधित हुआ था। हालांकि, बाद में यातायात बहाल कर दिया गया। उन्होंने कहा, “उनकी कुछ मांगें दिल्ली से संबंधित हैं और इसी वजह से अमृतसर से दिल्ली जाने वाला मार्ग बाधित हुआ था। अब यातायात बहाल कर दिया गया है। स्थिति के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है।”
भारत-अमरीका ट्रेड डील को लेकर किसानों की चिंता
किसानों का विरोध प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर है। किसान संगठनों को आशंका है कि ऐसे समझौते का कृषि क्षेत्र और किसानों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। किसानों ने इसी मुद्दे को लेकर 'देश बचाओ मोर्चा' के बैनर तले दिल्ली में महापंचायत का आह्वान किया है।
सरकार ने कहा- किसानों के हित सर्वोपरि
किसानों के प्रस्तावित दिल्ली मार्च के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया है। NDA संसदीय दल की 'मंगल मिलन' बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि किसी भी देश के साथ होने वाले मुक्त व्यापार समझौते (FTA) में किसानों के हितों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों के कल्याण को सर्वोपरि बताया है और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि व्यापार समझौते देश और किसानों के हित में हों।
रिजिजू ने कहा, “प्रधानमंत्री ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी देश के साथ FTA में किसानों को नुकसान नहीं होना चाहिए। किसानों का कल्याण सर्वोपरि है और सरकार उनके हितों का पूरा ध्यान रख रही है।”
बीजेपी सांसद ने कहा- मिलकर समाधान निकालना चाहिए
किसानों के दिल्ली मार्च पर भाजपा सांसद अशोक कुमार मित्तल ने कहा कि किसानों से जुड़े मुद्दों का समाधान मिलकर किया जाना चाहिए। NDA संसदीय दल की बैठक में शामिल होने पहुंचे मित्तल ने कहा, “हमें किसानों के मुद्दों का मिलकर समाधान करना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि इसका सकारात्मक समाधान निकलेगा।” फिलहाल, किसानों के दिल्ली मार्च को देखते हुए पंजाब-हरियाणा सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।