दुबई पहुंचे हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल, महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में होंगे शामिल

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल महाराजा अग्रसेन जयंती एवं उत्सव में शामिल होने दुबई पहुंचे। दुबई एयरपोर्ट पर अग्रवाल समाज ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।

By  Preeti Kamal October 31st 2026 09:54 AM

दुबई: हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल दुबई में आयोजित होने वाले महाराजा अग्रसेन जयंती एवं उत्सव में शामिल होने के लिए दुबई पहुंचे। दुबई एयरपोर्ट पर पहुंचने पर अग्रवाल समाज के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया और उनके प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त किया गया।

एयरपोर्ट पर मिले इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत विपुल गोयल ने अग्रवाल समाज के सभी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विदेश की धरती पर अपने समाज के लोगों से इस तरह का स्नेह और सम्मान मिलना उनके लिए बेहद सुखद और भावुक कर देने वाला अनुभव है। अपनों का अपनापन और आशीर्वाद हमेशा विशेष महत्व रखता है।

"सामाजिक मूल्यों को संरक्षित रखने में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है"

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज अपनी सामाजिक एकजुटता, सेवा भावना, उद्यमशीलता और परोपकार के कार्यों के लिए जाना जाता है। समाज के लोग विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। विदेशों में भी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित रखने में अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है।

दुबई एयरपोर्ट पर मिला स्नेहपूर्ण स्वागत उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा- विपुल गोयल

विपुल गोयल ने कहा कि दुबई एयरपोर्ट पर मिला स्नेहपूर्ण स्वागत उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने इस आत्मीय अभिनंदन के लिए अग्रवाल समाज के सभी सम्मानित सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अनमोल है।

महाराजा अग्रसेन जयंती एवं उत्सव में उनकी भागीदारी के साथ दुबई में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद और सामाजिक जुड़ाव को भी महत्व मिलने की उम्मीद है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.