प्रियंका गांधी का बड़ा बयान, कहा- 'केरल की आत्मा ही भारत की असली पहचान'

By  Preeti Kamal April 2nd 2026 06:15 PM -- Updated: April 2nd 2026 04:02 PM

तिरुवनंतपुरम, केरल: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को कहा कि केरल के लोग "भारत की सच्ची आत्मा" का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने राज्य की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शिक्षा, समानता और करुणा की परंपराओं की सराहना की। चिरायिनकीझु में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "यह भूमि नारायण गुरू जैसे क्रांतिकारी विचारकों की रही है। वे महात्मा गांधी के लिए भी प्रेरणा स्रोत थे। यहां आज भी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, अच्छी शिक्षा, समानता, प्रेम और करुणा की परंपराएं जीवित हैं। मैं बिना किसी हिचकिचाहट के कह सकती हूं कि केरल की आत्मा ही भारत की सच्ची आत्मा है।"

मीडिया से बातचीत में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर सर्वदलीय बैठक में शामिल न होने पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "यह बहुत महत्वपूर्ण चर्चा थी, लेकिन उन्होंने इसमें शामिल होना जरूरी नहीं समझा।"

पीएम पर भारत की संप्रभुता से समझौता करने का आरोप

वायनाड से लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री पर भारत की संप्रभुता से समझौता करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मोदी सरकार की नीतियां आम लोगों के लिए कुछ नहीं कर रही हैं। उन्होंने अमेरिका और इज़राइल के सामने झुकने का रास्ता चुना है।" अपने तीखे बयान में उन्होंने प्रधानमंत्री को "डरपोक" तक कह दिया और आरोप लगाया कि उनके फैसलों की कीमत जनता चुका रही है।

प्रियंका गांधी ने  पिनाराई विजयन पर भी साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने राज्य की पिनाराई विजयन सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वाम दल BJP के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की बी-टीम की तरह काम कर रहे हैं। चिरायिनकीझु विधानसभा सीट, जो अटिंगल लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है, पिछले तीन चुनावों से LDF के पास रही है। इस बार यहां UDF की उम्मीदवार राम्या हरिदास, CPI के मनोज बी एडामाना और BJP के बी एस अनूप के बीच मुकाबला है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.