दिल्ली में BRICS Summit से पहले ग्रैफिटी पर बड़ा एक्शन, मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार
BRICS Summit से पहले दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर ग्रैफिटी मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का संबंध SFJ से था। कथित मास्टरमाइंड विदेशी हैंडलर के संपर्क में था।
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने BRICS Summit से पहले दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर आपत्तिजनक नारे और ग्रैफिटी करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कथित मास्टरमाइंड भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) और उसके प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannun) के कथित निर्देश पर सिंघु बॉर्डर की दीवारों पर आपत्तिजनक नारे और ग्रैफिटी बनाई थी। यह ग्रैफिटी 6 सितंबर को बनाई गई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पन्नू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया था।
कथित मास्टरमाइंड विदेशी हैंडलर के संपर्क में था
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार कथित मास्टरमाइंड सीधे एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में था। उस पर विदेश से फंडिंग प्राप्त करने और भारत में SFJ की गतिविधियों को संचालित करने का भी आरोप है। मामले में स्पेशल सेल ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सिंघु बॉर्डर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों तक पहुंचने के लिए अन्य सुराग जुटाए।
CCTV फुटेज और जांच से मिले अन्य इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ग्रैफिटी के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
BRICS Summit के लिए दिल्ली में कड़ी सुरक्षा
इस बीच, भारत 12 और 13 सितंबर को 18वें BRICS Summit की मेजबानी कर रहा है। राजधानी में सम्मेलन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारत मंडपम समेत प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है। दिल्ली पुलिस ने सम्मेलन की सुरक्षा के लिए करीब 15,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। इसके अलावा गृह मंत्रालय की ओर से करीब 200 कंपनियां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की उपलब्ध कराई गई हैं। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (सुरक्षा) मनीष अग्रवाल ने बताया कि इन बलों को कानून-व्यवस्था और अन्य सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के लिए तैनात किया जा रहा है।
BRICS में 11 सदस्य देश
इस साल BRICS Summit की मेजबानी भारत अपनी 2026 अध्यक्षता के तहत कर रहा है। सम्मेलन की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” है। BRICS वर्तमान में 11 देशों का समूह है, जिसमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। BRICS उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच समन्वय और वैश्विक दक्षिण के हितों को बहुपक्षीय संस्थानों में आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है। समूह के एजेंडे में विकास, वित्त, तकनीक, व्यापार और लोगों के बीच संपर्क जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल हैं।