Delhi Traffic Advisory: BRICS Summit से पहले 3 दिन ट्रैफिक पर ब्रेक, 35 प्रमुख सड़कें प्रभावित; जानें Alternative Routes

BRICS Summit 2026 के चलते 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन रहेगा। 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित होंगी। स्कूल-दफ्तर बंद और सुरक्षा के लिए दिल्ली No-Fly Zone में रहेगी।

By  Laxman September 9th 2026 11:18 AM

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले BRICS Summit को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित और डायवर्ट करने की तैयारी की है। करीब 35 प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।

अगर इन तारीखों के दौरान आपको नई दिल्ली, इंडिया गेट, संसद क्षेत्र, प्रगति मैदान या आसपास के इलाकों में जाना है, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखना बेहतर होगा।

22 जगहों पर बनाए गए डायवर्जन पॉइंट

BRICS Summit के दौरान विदेशी मेहमानों के काफिले के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके तहत दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 22 स्थानों पर डायवर्जन पॉइंट तैयार किए हैं।

प्रमुख प्रभावित मार्गों में मथुरा रोड का सुब्रमण्यम भारती मार्ग से लोधी रोड फ्लाईओवर तक का हिस्सा, इंडिया गेट सी-हेक्सागन, शांति पथ, अकबर रोड, अशोका रोड, सरदार पटेल मार्ग और पंचशील मार्ग शामिल हैं।

इसके अलावा जनपथ, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, सत्य मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग और पृथ्वीराज रोड पर भी यातायात व्यवस्था बदली जा सकती है।

संसद और VVIP Zone के रास्तों पर भी पाबंदी

संसद और VVIP इलाकों से जुड़े कई रास्ते भी सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में रहेंगे। इनमें फिरोजशाह रोड, तुगलक रोड, शेर शाह सूरी मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, तिलक मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कर्तव्य पथ, पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड, न्याय मार्ग, तीस जनवरी मार्ग और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग शामिल हैं।

W Point और मंडी हाउस से मथुरा रोड तथा तिलक मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोका या डायवर्ट किया जाएगा। वहीं सी-हेक्सागन की तरफ कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से आने वाले ट्रैफिक पर भी प्रतिबंध रहेगा।

धौला कुआं से लोधी रोड तक ट्रैफिक डायवर्ट

मध्य दिल्ली और धौला कुआं क्षेत्र में भी कई जगहों पर बदलाव रहेगा। RML अस्पताल गोल चक्कर से मदर टेरेसा क्रीसेंट और तालकटोरा रोड की ओर यातायात प्रभावित रहेगा। धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग और मोती बाग से शांति पथ की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा।

मीर दर्द चौक, लोधी रोड के चौराहों, ओबेरॉय फ्लाईओवर और रिंग रोड-भैरों रोड समेत कई अन्य स्थानों पर भी डायवर्जन रहेगा। भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

पूरी दिल्ली में No-Fly Zone

सुरक्षा व्यवस्था केवल सड़कों तक सीमित नहीं है। BRICS Summit के दौरान दिल्ली को No-Fly Zone घोषित किए जाने की जानकारी दी गई है। ड्रोन, UAV, पैराग्लाइडर, पैरामोटर, हैंग ग्लाइडर और हॉट एयर बैलून जैसी गतिविधियों पर रोक रहेगी।

कार्यक्रम स्थल और VVIP होटलों में प्रवेश के लिए विशेष डिजिटल और बायोमेट्रिक पास की व्यवस्था की गई है। बिना निर्धारित पहचान और बायोमेट्रिक सत्यापन के प्रवेश नहीं मिलेगा।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए IGI एयरपोर्ट से लेकर प्रगति मैदान और VVIP होटलों वाले इलाकों को 7 जोन और 27 सेक्टरों में बांटा गया है। हर जोन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

स्कूल और सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद

ट्रैफिक दबाव कम करने और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए 11 सितंबर को दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। शनिवार और रविवार के बाद स्कूल सोमवार को खुलेंगे।

दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों और स्वायत्त निकायों में भी 11 सितंबर को अवकाश रहेगा। निजी कंपनियों को कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था पर विचार करने की सलाह दी गई है।

UGC NET उम्मीदवार भी रखें ध्यान

NTA ने 9 और 10 सितंबर को परीक्षा देने वाले UGC NET अभ्यर्थियों को भी ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा जांच के कारण संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए समय से काफी पहले घर से निकलने की सलाह दी है।

BRICS Summit के दौरान राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहने वाली है। ऐसे में 11 से 13 सितंबर के बीच नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली की यात्रा करने वालों के लिए जरूरी है कि वे निर्धारित यात्रा से पहले ताजा ट्रैफिक अपडेट और पुलिस की एडवाइजरी जरूर जांच लें।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.