झारखंड के खूंटी में दर्दनाक सड़क हादसा, 7 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख
झारखंड के खूंटी जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। तेज रफ्तार ट्रक ने दुर्घटनास्थल पर जुटे लोगों को कुचल दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया।
नई दिल्ली: झारखंड के खूंटी जिले में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी का शोक संदेश साझा किया। इसमें प्रधानमंत्री ने कहा, "झारखंड के खूंटी में हुए हादसे में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
तेज रफ्तार ट्रक ने लोगों को कुचला
खूंटी के पुलिस अधीक्षक (SP) के अनुसार, घटनास्थल पर पहले स्कूटी सवार के साथ एक दुर्घटना हुई थी। इस हादसे के बाद कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने वहां मौजूद कई लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। फिलहाल हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताई संवेदना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पुलिस मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटा रही है।