खड़गे के 'खुशियों की ईद' वाले बयान पर BJP का हमला, कांग्रेस को बताया हिंदू और सनातन विरोधी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली को खुशियों की ईद बताने वाले बयान पर बीजेपी ने तीखा हमला बोला है। पार्टी ने इसे तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति बताते हुए कांग्रेस को हिंदू एवं सनातन विरोधी करार दिया है।
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली को 'खुशियों की ईद' बताने वाले बयान पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी नेताओं ने खड़गे पर तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस को हिंदू और सनातन विरोधी पार्टी करार दिया है।
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब खड़गे ने दिवाली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इस त्योहार को खुशियों की ईद बताया। उनके इस बयान पर बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाए और पूछा कि क्या कांग्रेस के नेता कभी ईद को 'खुशियों की दिवाली' कहने का साहस दिखाएंगे। इस मामले पर भाजपा नेता शाहनवाज़ हुसैन ने मल्लिकार्जुन खड़गे की दिवाली-ईद वाली टिप्पणी पर कहा, "...यह उनको क्या हो गया है? वे मुस्लिम वोट पाने के लिए दीवाली को भी ईद बता रहे हैं। अगर बधाई देने का मन नहीं था तो खामोश रहना चाहिए था लेकिन वे कह रहे हैं कि खुशियों की ईद है, कांग्रेस तुष्टिकरण के रास्ते पर जा रही है...।"
खड़गे के बयान पर बीजेपी ने उठाए सवाल
बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी और प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने खड़गे के बयान की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर दिवाली जैसे त्योहार के अवसर पर भी वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।
भंडारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने दिवाली को 'खुशियों की ईद' बताकर अपनी पार्टी की तुष्टीकरण की राजनीति को उजागर किया है। उन्होंने इस टिप्पणी को कांग्रेस की हिंदू और सनातन विरोधी सोच से जोड़ते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़ी टिप्पणी का भी जिक्र किया। बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व सनातन परंपराओं से जुड़े मुद्दों पर लगातार विवादित रुख अपनाता रहा है।
गौरव भाटिया ने खड़गे और राहुल गांधी को दी चुनौती
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिवाली हिंदुओं का प्रमुख त्योहार है और इसकी अपनी धार्मिक पहचान, परंपराएं और पवित्रता है।भाटिया ने खड़गे और राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या वे कभी ईद को 'खुशियों की दिवाली' कहेंगे?
उन्होंने कहा कि हर त्योहार की अपनी अलग पहचान और महत्व होता है। किसी त्योहार की पहचान बदलने के बजाय सभी को एक-दूसरे की आस्था और परंपराओं का सम्मान करना चाहिए। बीजेपी नेता ने जोर देकर कहा कि दिवाली की अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए।
गिरिराज सिंह ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी खड़गे के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने खड़गे को राहुल गांधी और गांधी परिवार का मुखपत्र बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस हिंदू त्योहारों और धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर उचित सम्मान नहीं दिखाती। उन्होंने खड़गे और राहुल गांधी पर राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक मुद्दों का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस की ओर से क्या सफाई दी गई?
खड़गे के बयान का बचाव करते हुए कांग्रेस नेताओं ने इसे धार्मिक सौहार्द और खुशी के प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल किया गया शब्द बताया। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी के अनुसार, ईद शब्द का इस्तेमाल खुशी के पर्याय के रूप में भी किया जाता है। उनके मुताबिक, खड़गे की टिप्पणी उनकी धर्मनिरपेक्ष सोच और सभी समुदायों के प्रति सम्मान को दर्शाती है।
खड़गे ने अपने दिवाली संदेश में देशवासियों से शांति बनाए रखने और आपसी मतभेद भुलाकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की अपील भी की थी। इस तरह एक ओर बीजेपी ने उनके शब्दों को हिंदू त्योहार की पहचान से जोड़कर राजनीतिक मुद्दा बनाया है, वहीं कांग्रेस समर्थकों ने इसे सामाजिक सद्भाव का संदेश बताया है।