मणिपुर में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन तेज, कई गिरफ्तार; ड्रग्स और हथियार बरामद...
इंफाल, मणिपुर: मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने राज्यभर में तलाशी और कार्रवाई अभियान तेज कर दिया है। इस दौरान उग्रवादी कैडरों, जबरन वसूली करने वालों और ड्रग तस्करों की कई गिरफ्तारियां की गई हैं।
इसके अलावा बता दें कि पुलिस की इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ, हथियार और वाहन भी जब्त किए गए हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।
PREPAK के सक्रिय सदस्य की गिरफ्तारी
17 मार्च को सुरक्षा बलों ने People's Revolutionary Party of Kangleipak (PREPAK) के एक सक्रिय सदस्य थौडाम जिंगको सिंह उर्फ सनाथोई (25) को थौबल जिले के थौडाम लैश्रम लेइराक इलाके से गिरफ्तार किया।
उसके पास से 7.62x39 मिमी के दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन (सिम कार्ड सहित) और एक होंडा एक्टिवा बरामद की गई।
महिला उग्रवादी समेत दो वसूली करने वाले गिरफ्तार
18 मार्च को सुरक्षा बलों ने Kangleipak Communist Party (KCP-PWG) की एक सक्रिय महिला सदस्य थोखचोम देवरानी देवी (43) को इंफाल ईस्ट जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
इसी दिन एक अन्य सक्रिय सदस्य मोइरांगथेम जितेन सिंह उर्फ ननाओ (46) को भी उसके इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
ड्रग्स तस्कर पकड़ा गया, अफीम बरामद
मणिपुर पुलिस ने सेनापति जिले के तोरिबारी गांव के एक व्यक्ति को बिष्णुपुर जिले के नाका चेक पॉइंट से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 1.5 किलोग्राम अफीम, एक ऑटो-रिक्शा, एक बैकपैक, मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
कानून-व्यवस्था सामान्य, अभियान जारी
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। हालांकि, उग्रवाद और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शांति बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।