SRCC कार्यक्रम के लिए मेट्रो से पहुंचे PM मोदी, यात्रियों से की बातचीत; साझा कीं तस्वीरें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने SRCC कार्यक्रम के दौरान अपनी मेट्रो यात्रा की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने यात्रियों से बातचीत की। इससे पहले शताब्दी समारोह में PM मोदी ने कॉलेज की विरासत, भारत की आर्थिक प्रगति और युवाओं से आत्मनिर्भरता का आह्वान किया।

By  Preeti Kamal September 6th 2026 02:20 PM -- Updated: September 6th 2026 01:52 PM

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) कार्यक्रम में आने-जाने के दौरान अपनी मेट्रो यात्रा की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने मेट्रो में यात्रियों से बातचीत की और यात्रा की तस्वीरें भी पोस्ट कीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “मेट्रो मोमेंट्स… SRCC कार्यक्रम के रास्ते में और वापसी के दौरान।” तस्वीरों में प्रधानमंत्री मेट्रो के अंदर यात्रियों के साथ बातचीत करते नजर आए। उनकी इस यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहीं।

SRCC के शताब्दी समारोह में शामिल हुए थे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को SRCC के शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की 100 वर्षों की यात्रा और देश के शिक्षा क्षेत्र में इसके योगदान को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री ने कॉलेज के संस्थापक श्री राम को श्रद्धांजलि देते हुए उनके दूरदर्शी विजन को याद किया। उन्होंने कहा कि जब कोई संस्थान 100 वर्ष पूरे करता है, तो वह उपलब्धियों और प्रेरणाओं का महासागर बन जाता है।

दयाराम से देश के प्रतिष्ठित संस्थान तक का सफर

PM मोदी ने SRCC की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संस्थान कभी दरियागंज में एक छोटे से संस्थान के रूप में शुरू हुआ था और आज देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने SRCC के पूर्व छात्रों की उपलब्धियों की भी सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि कॉलेज के पूर्व छात्रों ने कला, राजनीति, न्यायपालिका समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है और संस्थान का नाम वैश्विक स्तर तक पहुंचाया है।

2013 के भाषण को भी किया याद

प्रधानमंत्री ने SRCC में अपने 2013 के भाषण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस संबोधन की यादें आज भी लोगों के बीच मौजूद हैं। प्रधानमंत्री के मुताबिक, देश के लिए पूरी निष्ठा से काम करने की भावना उस समय उनके शब्दों में भी दिखाई दी थी।

भारत की अर्थव्यवस्था और विकास का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भारत की आर्थिक प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार संबंधी चुनौतियों और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच भारत ने 7.8 प्रतिशत की तिमाही वृद्धि दर्ज की है।

उन्होंने अप्रैल से जून के बीच बिजली उत्पादन में 9 प्रतिशत वृद्धि और वाहनों की बिक्री में 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोपहिया वाहनों की बिक्री में करीब 20 प्रतिशत और तिपहिया वाहनों में लगभग 30 प्रतिशत वृद्धि हुई है। उन्होंने स्टील और सीमेंट की खपत में 8 प्रतिशत वृद्धि को भी निर्माण, आवास और व्यावसायिक गतिविधियों में तेजी का संकेत बताया।

युवाओं से आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लेने की अपील

PM मोदी ने SRCC के प्रतीक चिह्न में मौजूद जहाज और सूर्य की कल्पना का उल्लेख करते हुए युवाओं को नए भारत के निर्माण में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि विकसित भारत की यात्रा में देश की प्रगति, सपने और सफलता भारतीय युवाओं के अपने प्रयासों से तय होनी चाहिए।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.