सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री, 15 अप्रैल को होगा शपथ ग्रहण समारोह...

By  Preeti Kamal April 14th 2026 05:00 PM -- Updated: April 14th 2026 04:32 PM

पटना, बिहार: बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे, जिन्हें BJP विधायक दल का नेता चुना गया है। NDA की अहम बैठक के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह कल 15 अप्रैल को लोक भवन में होगा।

तमाम अटकलों को सही साबित करते हुए भाजपा विधायक दल की बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को दोबारा विधायक दल का नेता चुना लिया गया है। दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था। अब विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में एनडीए के विधायकों की संयुक्त बैठक में भाजपा के नेता सम्राट चौधरी के नाम का अनुमोदन होगा, जिसके बाद वो राज्यपाल के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

बुधवार की सुबह 11 बजे राजभवन में शपथ लेंगे

सम्राट चौधरी की अगुवाई में नई सरकार बुधवार की सुबह 11 बजे लोक भवन (राजभवन) में शपथ लेंगे। राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा कल शाम ही शपथ ग्रहण समारोह की व्यवस्था को लेकर सम्राट से मिलने उनके आवास गए थे। इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने लगभग सवा 3 बजे राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपा। इससे पहले उन्होंने अपने कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट की बैठक की।

शपथ समारोह में बड़े नेता हो सकते हैं शामिल

एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद नया नेता सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बुधवार सुबह 11 बजे लोक भवन (राजभवन) में बीजेपी की अगुवाई में एनडीए की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें सीमित संख्या में पांच घटक दलों के मंत्री शपथ लेंगे। समारोह में दिल्ली से भाजपा और एनडीए दलों के बड़े नेता आ सकते हैं। बीजेपी के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा ने X पर एक पोस्ट में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उनकी "नई जिम्मेदारी" के लिए बधाई दी। 



© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.