अमृतसर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रोन हथियार तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 30 अप्रैल 2026 को छत्ता क्षेत्र में कर्ज के विवाद को लेकर फायरिंग की थी। बाद की कार्रवाई में पुलिस ने तीन और हथियार बरामद किए, जिससे कुल बरामदगी चार हथियार और पांच कारतूस हो गई।
अमृतसर, पंजाब: अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार अवैध हथियार और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25-26 जून की रात सुल्तानविंड थाना के एसएचओ लवदीप सिंह और एएसआई साहिब सिंह गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। बाइक पर सवार गुरुसेवक सिंह और निवील सिंह की तलाशी लेने पर निवील सिंह के पास से एक पिस्टल, एक्सटेंडेड मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि गुरुसेवक सिंह की जेब से दो कारतूस मिले।
पाकिस्तान से जुड़े एक सीमा पार तस्करी नेटवर्क का खुलासा
पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि वे पाकिस्तान से जुड़े एक सीमा पार तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं, जो ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करता है। जांच के आधार पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों जशन और गुरविंदर सिंह गंडा को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच है और उनके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
30 अप्रैल 2026 को छत्ता क्षेत्र में कर्ज के विवाद को लेकर फायरिंग की थी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने 30 अप्रैल 2026 को छत्ता क्षेत्र में कर्ज के विवाद को लेकर फायरिंग की थी।बाद की कार्रवाई में पुलिस ने तीन और हथियार बरामद किए, जिससे कुल बरामदगी चार हथियार और पांच कारतूस हो गई। अमृतसर के डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) आलम विजय सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराए जाते थे।