पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क पर NIA का शिकंजा
पंजाब: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े तीन आतंक-गैंगस्टर नेटवर्क मामलों की जांच के तहत पंजाब और हरियाणा में 18 स्थानों पर छापेमारी की। NIA की टीमों ने दोनों राज्यों के नौ जिलों में स्थित 18 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया और कई लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। जांच एजेंसी ने तलाशी के दौरान कई डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और संचार नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन तथा संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी जब्त की है।
NIA के अनुसार, बरामद सभी सबूतों और सूचनाओं को फॉरेंसिक एवं तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है, ताकि सीमा पार रची गई बड़ी साजिश का खुलासा किया जा सके। एजेंसी ने बताया कि कुछ व्यक्तियों को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। यह कार्रवाई शहजाद भट्टी द्वारा सीमा पार से संचालित किए जा रहे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की पहचान करने के उद्देश्य से की जा रही है।
तीन बड़े मामलों से जुड़ा है नेटवर्क
NIA की जांच में सामने आया है कि मार्च 2025 में पंजाब के जालंधर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रॉजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले के पीछे शहजाद भट्टी का हाथ था। इस मामले में अप्रैल 2026 में NIA ने भट्टी और एक अन्य आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। जांच में यह भी पता चला कि नवंबर 2025 में हरियाणा के सिरसा स्थित महिला थाना परिसर में हुए विस्फोट और जनवरी 2026 में हरियाणा के अंबाला स्थित बलदेव नगर थाना में हुए धमाके की साजिश भी शहजाद भट्टी ने रची थी।
09 आरोपियों के खिलाफ हुआ था आरोपपत्र दाखिल
सिरसा विस्फोट मामले में NIA ने मई 2026 में नौ आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था, जिनमें शहजाद भट्टी और पाकिस्तान स्थित हैंडलर सोहैल अहमद उर्फ सोहैल बलोच भी शामिल हैं। बलदेव नगर थाना विस्फोट मामला कार बम धमाके से जुड़ा है। जांच में गिरफ्तार एक आरोपी के शहजाद भट्टी के संपर्क में होने की पुष्टि हुई थी। NIA ने कहा कि इन तीनों मामलों में जांच जारी है और आतंकवादी हमलों से जुड़े सभी नेटवर्क, सहयोगियों और सीमा पार संबंधों का पता लगाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है।