'रंगला से कंगला पंजाब', राघव चड्ढा का AAP पर बड़ा हमला...

By  Preeti Kamal May 9th 2026 07:15 PM -- Updated: May 9th 2026 06:27 PM

नई दिल्ली, भारत: राज्यसभा सांसद और राघव चड्ढा ने शनिवार को पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राज्य में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और जनता के विश्वास से “धोखा” करने का आरोप लगाया। राघव चड्ढा ने कहा कि AAP ने पंजाब को 'रंगला पंजाब' बनाने का सपना दिखाया था, लेकिन उसने राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर “कंगला पंजाब” बना दिया।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “रंगला पंजाब बनाने का सपना दिखाकर आम आदमी पार्टी ने पंजाब का खजाना लूट लिया और उसे कंगला पंजाब बना दिया। ED रेड के दौरान बालकनी से बैग में भरकर 21 लाख रुपये नकद फेंके जाने और करीब 100 करोड़ रुपये की फंड राउंड-ट्रिपिंग की खबरें दिखाती हैं कि पंजाब में मिले जनादेश के साथ कितना बड़ा विश्वासघात हुआ है। AAP ने पंजाब, पंजाबियों और पंजाबियत के साथ धोखा किया है।”

असली जवाब पंजाब की जनता चुनाव में देगी- राघव चड्ढा

राघव चड्ढा ने आगे कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी, लेकिन असली जवाब पंजाब की जनता अगले विधानसभा चुनाव में देगी। राघव चड्ढा ने कहा, “AAP से नाता तोड़ने वाले 7 सांसदों ने जाते समय कहा था कि पार्टी पूरी तरह भ्रष्ट और समझौता कर चुके लोगों के हाथों में फंस गई है। जब भी हमने पार्टी के भीतर ऐसे मुद्दे उठाने की कोशिश की, हमें चुप करा दिया गया। लेकिन एजेंसियों की छापेमारी के बाद जो बातें सामने आ रही हैं, वे चौंकाने वाली हैं। एजेंसियां कार्रवाई करेंगी, लेकिन असली कार्रवाई पंजाब की जनता अगले विधानसभा चुनाव में करेगी।”

100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तारी

राघव चड्ढा की यह टिप्पणी उस समय आई जब प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित 100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले और फर्जी GST लेनदेन की जांच के सिलसिले में की गई। इस बीच ED ने शनिवार को पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा  को 100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार भी कर लिया।

संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी तलाशी अभियान के बाद हुई

अधिकारियों के अनुसार, अरोड़ा की गिरफ्तारी दिनभर चली तलाशी अभियान के बाद हुई। यह छापेमारी धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई। सूत्रों के मुताबिक ED की टीमों ने शनिवार सुबह दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में पांच स्थानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। इनमें से चार ठिकाने सीधे तौर पर संजीव अरोड़ा और उनकी कंपनियों से जुड़े थे, जबकि एक कार्यालय Hampton Sky Realty Limited का था, जो इस मामले में एजेंसी की जांच के दायरे में है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.