शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग का धमाकेदार आगाज, पहले मैच में बने 520 रन; मोहाली किंग्स ने मारी बाजी

शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के पहले मुकाबले में मोहाली किंग्स ने अमृतसर सूमर्स को पांच विकेट से हराया। अनमोलप्रीत सिंह ने 133 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों टीमों ने मिलकर 520 रन बनाए और मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।

By  Preeti Kamal August 31st 2026 12:05 PM -- Updated: August 31st 2026 11:50 AM

चंडीगढ़, पंजाब: पंजाब की पहली शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग (Sher-E-Punjab T20 League) का धमाकेदार आगाज हुआ। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में मोहाली किंग्स और अमृतसर सूमर्स के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। हाई-स्कोरिंग मैच में दोनों टीमों ने मिलकर 520 रन बनाए और आखिरकार मोहाली किंग्स ने तीन गेंद शेष रहते पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मोहाली किंग्स की जीत के सबसे बड़े नायक अनमोलप्रीत सिंह रहे। उन्होंने महज 39 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। अनमोलप्रीत ने 51 गेंदों का सामना करते हुए 12 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 133 रन बनाए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने अमृतसर सूमर्स के गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कप्तान रमनदीप सिंह ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके अलावा गुरमेहर सारा ने 26 और हरप्रीत बराड़ ने 23 रन का योगदान दिया।

अमृतसर ने खड़ा किया 258 रन का विशाल स्कोर

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी अमृतसर सूमर्स ने 19.5 ओवर में 258 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। कप्तान अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 26 गेंदों में 77 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने सात छक्के और छह चौके लगाए। अभिषेक ने सहज धवन के साथ मिलकर केवल 31 गेंदों में 100 रन की साझेदारी की। सहज धवन ने 18 गेंदों में 45 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे।

नमन धीर ने भी बरसाए छक्के

अमृतसर की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे नमन धीर ने भी तेजतर्रार पारी खेली। उन्होंने 22 गेंदों में पांच छक्कों और एक चौके की मदद से 47 रन बनाए। इसके अलावा राहुल कुमार ने 23 और अभय चौधरी ने 18 रन बनाए। मोहाली किंग्स की गेंदबाजी में तेजप्रीत सिंह सबसे सफल रहे और उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए। हरप्रीत बराड़ और तनमय धारनी को दो-दो विकेट मिले।

पहले ही मैच में बना 520 रन का रिकॉर्ड

शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के शुरुआती मुकाबले में ही बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए। अमृतसर सूमर्स के 258 रन के जवाब में मोहाली किंग्स ने 19.3 ओवर में पांच विकेट खोकर 262 रन बना लिए। इस तरह दोनों टीमों के स्कोर को मिलाकर कुल 520 रन बने। लीग के पहले ही मुकाबले में बना यह हाई-स्कोरिंग रिकॉर्ड टूर्नामेंट के लिए शानदार शुरुआत माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया लीग का उद्घाटन

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब की पहली शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट लीग का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह लीग पंजाब की क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करेगी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.