हरमनप्रीत की चोट पर ऑलराउंडर दीप्ति का बयान, कहा- 'पूरी तरह फिट हैं टीम की कप्तान'
होबार्ट, ऑस्ट्रेलिया: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने टीम की कैप्टन हरमनप्रीत कौर की फिटनेस को लेकर अपडेट देते हुए कहा कि वह दूसरे वनडे से पहले “पूरी तरह फिट और ठीक हैं।” भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के बीच सीरीज का दूसरा वनडे शुक्रवार को होबार्ट के बेलरिव ओवल में खेला जाएगा। हरमनप्रीत को मंगलवार को ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड में खेले गए पहले वनडे मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय घुटने में चोट लग गई थी। इस चोट के कारण वह मैच की दूसरी पारी में मैदान पर नहीं उतर सकीं।
एक्स पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बताया था कि हरमनप्रीत को बाएं घुटने में चोट लगी है और मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। हरमनप्रीत के मैदान से बाहर रहने पर उपकप्तान स्मृति मंधाना ने टीम की कमान संभाली।
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई
होबार्ट वनडे से पहले प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब हरमनप्रीत की चोट के बारे में पूछा गया तो दीप्ति शर्मा ने कहा, “मैं कह सकती हूं कि वह फिट और ठीक हैं।” मैच की बात करें तो भारतीय महिला टीम को पहले वनडे में छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। 48.3 ओवर में 214 रन पर सिमटने के बाद ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने 38.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
दीप्ति शर्मा ने कहा कि टीम ने पहले वनडे में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन नतीजा उनके पक्ष में नहीं आया। उन्होंने अगले मुकाबले में मजबूत वापसी का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “एक टीम के रूप में हमने काफी अच्छा खेला। लेकिन नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा। हम एक टीम के तौर पर आगे की ओर देख रहे हैं और अगले मैच में मजबूत वापसी करेंगे।” उन्होंने आगे कहा, “व्यक्तिगत तौर पर भी मुझे हमेशा भरोसा रहता है। हम अगले मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना चाहते हैं।”
हमने एक टीम के रूप में शानदार प्रदर्शन किया
वनडे सीरीज से पहले भारत ने तीन मैचों की T-20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। उस सीरीज पर विचार करते हुए दीप्ति ने कहा कि टीम ने T-20 में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन किया था और वे बाकी वनडे मैचों तथा 6 मार्च से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट में भी उसी सोच के साथ उतरेंगे।
इसके आगे उन्होंने कहा, “T-20 में हमने एक टीम के रूप में शानदार प्रदर्शन किया, चाहे वह गेंदबाजी इकाई हो या बल्लेबाजी इकाई। बाकी मैचों में भी हम उसी अप्रोच पर ध्यान दे रहे हैं, जैसा T-20 में किया था। साथ ही हम हर मैच में बेहतर होते जाने और आने वाले टेस्ट पर भी फोकस कर रहे हैं।”