तमिलनाडु में सियासी घमासान: त्रिशा पर कथित टिप्पणी के बाद उदयनिधि स्टालिन हिरासत में

त्रिशा कृष्णन और CM विजय को लेकर कथित टिप्पणी के मामले में उदयनिधि स्टालिन को चेन्नई आवास से हिरासत में लिया गया। FIR के बाद तमिलनाडु में सियासी विवाद बढ़ गया है।

By  Preeti Kamal August 4th 2026 11:52 AM

चेन्नई, तमिलनाडु: तमिलनाडु में डीएमके नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री विजय और अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में राज्य पुलिस ने मंगलवार सुबह उन्हें चेन्नई स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया।

पुलिस उदयनिधि स्टालिन को उनके नीलांकरई स्थित आवास से एक बस में लेकर गई। उन्हें तंजावुर ले जाया जाएगा, जहां सोमवार को कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक रैली में उनके कथित बयान को लेकर विवाद खड़ा हुआ था।

त्रिशा के नाम के नारे लगे, फिर उदयनिधि ने क्या कहा?

मामला तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित डीएमके के प्रदर्शन से जुड़ा है। उदयनिधि स्टालिन कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे, तभी भीड़ में कुछ लोगों ने कथित तौर पर ‘त्रिशा-त्रिशा’ के नारे लगाए। इसके बाद उदयनिधि ने कथित तौर पर कहा कि पानी कहीं और पहुंचे या न पहुंचे, वहां जरूर पहुंचना चाहिए। हालांकि, उन्होंने तुरंत स्पष्ट किया कि वह कावेरी के पानी की बात कर रहे थे। इस टिप्पणी को त्रिशा कृष्णन को लेकर डबल मीनिंग टिप्पणी के तौर पर देखा गया और इसके बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया।

TVK महिला विंग ने दर्ज कराई शिकायत

मामले में तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) की महिला विंग ने सोमवार को तंजावुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उदयनिधि ने अभिनेत्री त्रिशा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद उदयनिधि के खिलाफ FIR दर्ज की गई और मंगलवार सुबह पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उधर, कोयंबटूर में TVK कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।

TVK विधायक ने बताया ‘घटिया टिप्पणी’

सत्तारूढ़ खेमे की ओर से भी उदयनिधि की कथित टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। TVK विधायक रेवनथ चरण ने इसे ‘घृणित’ बताते हुए राजनीतिक भाषा के गिरते स्तर पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियां राजनीतिक विमर्श की गरिमा को नुकसान पहुंचाती हैं और कहा कि किसी के खिलाफ भी इस तरह की कथित टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।

दुरई वाइको ने भी जताई नाराजगी

MDMK के प्रधान सचिव और राज्यसभा सांसद दुरई वाइको ने भी उदयनिधि के कथित बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य मुद्दा कावेरी जल और तमिलनाडु के किसानों की परेशानियां थीं। उनके मुताबिक, ऐसे मंच पर महिलाओं के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। दुरई वाइको ने कहा कि यह किसी के साथ निजी हिसाब चुकता करने का मंच नहीं था और उन्होंने कथित टिप्पणी की निंदा की।

TR बालू ने आरोपों को बताया गलत

वहीं, डीएमके सांसद टीआर बालू ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उदयनिधि ने किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिया था। टीआर बालू ने कहा, “उन्होंने उस खास महिला के बारे में कोई शब्द नहीं कहा। यह सब गलत है।” इस पूरे विवाद के बीच उदयनिधि स्टालिन की हिरासत ने तमिलनाडु की सियासत को और गरमा दिया है। अब पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.