अयोध्या में आस्था बरकरार, रामलला दरबार में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
रामनगरी अयोध्या में हाल ही में सामने आए चोरी प्रकरण के बावजूद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी हुई है।
अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में हाल ही में सामने आए चोरी प्रकरण के बावजूद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी हुई है। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान श्रीरामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की घटना कानून और जांच का विषय है, जबकि उनकी आस्था भगवान श्रीराम के प्रति पहले की तरह अटूट है।
सामान्य रूप से जारी हैं दर्शन-पूजन:
राम मंदिर में दर्शन-पूजन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि किसी एक घटना को करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार, भगवान श्रीराम के दर्शन से उन्हें आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा मिलती है तथा मंदिर में श्रद्धालुओं का उत्साह पहले जैसा ही बना हुआ है।
जांच एजेंसियों पर जताया भरोसा:
दिल्ली से दर्शन के लिए आई श्रद्धालु पूजा ने कहा कि उन्हें पुलिस और एसआईटी की जांच पर पूरा भरोसा है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं महाराष्ट्र से आए श्रद्धालु रूपचंद्र मारवाड़ी ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। जांच अपनी प्रक्रिया के अनुसार चल रही है, जबकि श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के साथ दर्शन करने लगातार पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया सामान्य है माहौल:
अयोध्या के स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में श्रद्धालुओं की संख्या में कोई उल्लेखनीय कमी नहीं आई है। होटल, धर्मशालाएं, बाजार और प्रमुख धार्मिक स्थल सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। स्थानीय व्यवसायी अजय शुक्ला ने कहा कि अयोध्या की पहचान भगवान श्रीराम की नगरी के रूप में है और हाल के वर्षों में हुए विकास कार्यों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत हुआ है।
बाजारों में बनी हुई है रौनक:
व्यवसायी मनोज गुप्ता ने बताया कि प्रसाद और धार्मिक सामग्री की बिक्री सामान्य रूप से जारी है तथा सुबह से देर रात तक बाजारों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रहती है। वहीं दीपक गुप्ता ने कहा कि उनकी दुकान पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा सामग्री और धार्मिक वस्तुएं खरीदने आते हैं। उनका कहना है कि बेहतर सड़क, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के कारण व्यापार और पर्यटन दोनों को लाभ मिला है।
सरयू घाट और परिवहन सेवाएं भी सामान्य:
सरयू घाट पर फोटोग्राफी का कार्य करने वाले मनीष मोदनवाल ने बताया कि श्रद्धालु स्नान और दर्शन के बाद पहले की तरह यादगार तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और घाटों पर रौनक बनी हुई है। वहीं ई-रिक्शा चालक राजू पाल ने कहा कि राम मंदिर, सरयू घाट और अन्य धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है। उनके अनुसार, हाल के दिनों में यात्रियों की संख्या में कोई खास कमी नहीं आई है।
हनुमानगढ़ी क्षेत्र में भी सामान्य कारोबार:
हनुमानगढ़ी के पास प्रसाद विक्रेता जितेंद्र कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या पहले की तरह बनी हुई है और व्यापार सामान्य रूप से चल रहा है। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था भगवान श्रीराम और हनुमानजी के प्रति है, इसलिए किसी एक घटना का उनके विश्वास पर असर नहीं पड़ा है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि अयोध्या की पहचान उसकी सनातन परंपरा, आध्यात्मिक वातावरण और भगवान श्रीराम के प्रति करोड़ों लोगों की आस्था से है। उनका विश्वास है कि जांच एजेंसियां निष्पक्ष कार्रवाई करेंगी और अयोध्या की गरिमा तथा श्रद्धालुओं का भरोसा कायम रहेगा।