गोरखपुर:  युवा शक्ति को आधुनिक तकनीक से लैस कर समयानुकूल सक्षम और दक्ष बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 नवंबर (शुक्रवार) को गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत यह वितरण समारोह रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क में होगा।

समारोह में गोरखपुर मंडल के चारों जिलों गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर की युवा प्रतिभाएं एक मंच पर जुटेंगी। सबसे बड़ा हिस्सा गोरखपुर जिले का है, जहां विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले 35 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। वहीं देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 5-5 हजार विद्यार्थियों को भी यह उपहार मिलेगा। एक ही दिन में 50 हजार युवाओं के हाथों में आधुनिक गैजेट पहुंचने से गोरखपुर मंडल में डिजिटल क्रांति को नई गति मिलेगी।

गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत डिजिटल डिवाइस वितरित करने का यह अभियान काफी सफल रहा है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार वर्ष 2021-22 में योजना की शुरुआत से अब तक जिले के 1,41,085 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन का लाभ मिल चुका है। जिले में आवंटित शत-प्रतिशत स्मार्टफोन का वितरण पहले ही पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 52,800 टैबलेट कॉलेजों के माध्यम से बांटे जा रहे हैं। इसका मुख्य आयोजन शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सान्निध्य में होगा।

इस पहल से स्नातक और स्नातकोत्तर के साथ-साथ डिप्लोमा, कौशल विकास, पैरामैडिकल और नर्सिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को भी सीधे जोड़ा गया है। यह पहल न केवल पढ़ाई को आसान बना रही है, बल्कि युवाओं के लिए नौकरी और स्वरोजगार के नए रास्ते भी खोल रही है।

योजना के तहत मिलने वाले डिवाइस विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और सूचना का मजबूत माध्यम बन रहे हैं। इनके जरिए विद्यार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की ताजा जानकारी घर बैठे मिल रही है। साथ ही विश्वविद्यालय और महाविद्यालय 'फ्लैश मैसेज' के जरिए कक्षाओं, सिलेबस और परीक्षाओं से जुड़े जरूरी अपडेट सीधे छात्रों के टैबलेट और स्मार्टफोन पर भेज रहे हैं।