एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का नया हब बन रहा मेरठ: सीएम योगी, बॉल कॉर्पोरेशन की इकाई का शिलान्यास

उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे की कड़ी में बुधवार को एक और अध्याय जुड़ा।

By  Mangala Tiwari November 26th 2026 12:48 AM

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे की कड़ी में बुधवार को एक और अध्याय जुड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में वैश्विक कंपनी 'बॉल कॉर्पोरेशन' की नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का शिलान्यास किया। ₹2,900 करोड़ से अधिक के निवेश से बनने वाली एल्युमिनियम बेवरेज कैन की इस विश्वस्तरीय इकाई के भूमिपूजन पर उन्होंने बॉल कॉर्पोरेशन की पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह प्लांट 'आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' और 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' की यात्रा में ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।


निवेश का सिलसिला, वैश्विक भरोसे का प्रमाण:


सीएम ने कहा कि अभी कुछ ही दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के ₹1,200 करोड़ से अधिक के नए प्लांट का भूमिपूजन हुआ, दो दिन पहले ताइवान की क्रिएटिव सेंसर के साथ ₹1,100 करोड़ से अधिक के निवेश पर सार्थक संवाद हुआ और आज मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन का शिलान्यास हो रहा है। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश के प्रति बढ़ते वैश्विक विश्वास का जीवंत प्रमाण बताया।


मेरठ में रोजगार और एमएसएमई के लिए नए अवसर:


मेरठ के औद्योगिक कायाकल्प का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए 'एंकर यूनिट' का काम करेगी, जिससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग सप्लायर्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग पार्टनर्स के लिए भी कारोबार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि ओडीओपी स्पोर्ट्स गुड्स के लिए दुनियाभर में मशहूर मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी भी बन रही है और अब स्पोर्ट्स व पारंपरिक उद्योगों के साथ मेरठ एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है।


कनेक्टिविटी और बाजार की संभावनाएं:


मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन द्वारा मेरठ के चयन को दूरदर्शी फैसला बताया। उन्होंने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर व 25,000 हेक्टेयर के यीडा क्षेत्र, जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता और ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच मेरठ को तेज, निर्बाध और वर्ल्ड-क्लास मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी दे रही है। उन्होंने कहा कि भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स और रेडी-टू-ड्रिंक बेवरेज का बाजार तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए यह लोकेशन बॉल कॉर्पोरेशन को ग्राहकों और फिलिंग सुविधाओं के नजदीक रहकर देश और दुनिया के बाजार में तेजी से विस्तार का मौका देगी। साथ ही यीडा क्षेत्र में सिंगापुर, जापान और ताइवान सिटी के जरिए वैश्विक कंपनियों, उनकी आधुनिक तकनीक और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को प्रदेश में बुलाया जा रहा है।


2017 के बाद आर्थिक छलांग का लेखा-जोखा:


सीएम ने कहा कि कभी 'बीमारू' कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश का बजट, जीएसडीपी, प्रति व्यक्ति आय और महिला श्रम बल भागीदारी आज 2017 के मुकाबले तीन गुना हो चुकी है। आज उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है, जो ₹2 लाख करोड़ से अधिक के सालाना कैपेक्स के साथ देश में सबसे ज्यादा कैपेक्स वाला राज्य है। बॉटम फाइव से निकलकर प्रदेश देश की टॉप-3 इकोनॉमी में शामिल हो चुका है।


फैक्ट्रियों की संख्या 14,000 से 35,000 के पार:


औद्योगिक विकास के आंकड़े साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आजादी के बाद लगभग 70 वर्षों (2017 तक) में प्रदेश में कुल 14,000 फैक्ट्रियां ही लग पाई थीं, यानी साल में औसतन सिर्फ 200। उन्होंने कहा कि अगर 2017 से पहले जैसी धीमी रफ्तार रहती, तो इन साढ़े नौ वर्षों में मुश्किल से 1700-1800 नई फैक्ट्रियां जुड़तीं। लेकिन डबल इंजन सरकार ने मजबूत लॉ एंड ऑर्डर, सीमलेस कनेक्टिविटी, वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, डेडिकेटेड इंडस्ट्रियल लैंड बैंक और इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स के दम पर साढ़े नौ वर्षों में सालाना औसतन 2,200 से अधिक नई इकाइयां जोड़कर 21,000 से अधिक नई फैक्ट्रियां स्थापित कीं। इससे आज प्रदेश 35,000 से अधिक फैक्ट्रियों के साथ देश का इंडस्ट्रियल पावरहाउस बन चुका है।


मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक्स में अग्रणी, कुशल वर्कफोर्स की तैयारी:


मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की 55 प्रतिशत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते सेक्टर प्रदेश की औद्योगिक ताकत को नई ऊंचाई दे रहे हैं। उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने के लिए लाखों आईटीआई और डिप्लोमा डिग्री धारकों के साथ 2 लाख से अधिक स्टेम ग्रेजुएट्स को इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है।


₹15 लाख करोड़ का निवेश जमीन पर, निवेश के अनुकूल नीतियां:


उन्होंने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को ₹50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से ₹15 लाख करोड़ से अधिक जमीन पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट में ₹7 लाख 50 हजार करोड़ की ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है। आज 1 करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25,000 से अधिक स्टार्टअप्स प्रदेश की रीढ़ हैं। एफडीआई एवं फॉर्च्यून-500 नीति, जिसके तहत बॉल कॉर्पोरेशन को सुविधाएं दी जा रही हैं, सहित 36 सेक्टोरल पॉलिसीज, 75,000 से अधिक एकड़ के इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, 27 आधुनिक आईएमएलसी क्लस्टर्स, सिंगल विंडो पोर्टल 'निवेश मित्र' और डीरेगुलेशन 1.0 में देश में पहला स्थान पाकर यूपी ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की प्रतिबद्धता साबित की है। सैमसंग, एलजी, डिक्सन, सीएनएच इंडस्ट्रियल, एचसीएल-फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और अब बॉल कॉर्पोरेशन जैसी वैश्विक कंपनियां 'मेक इन यूपी, मेक फॉर द वर्ल्ड' के संकल्प को साकार करते हुए प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने में अहम योगदान दे रही हैं।


बॉल कॉर्पोरेशन से अपील, सरकार के साथ का भरोसा:


कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन से आग्रह किया कि वह स्थानीय एमएसएमई से सोर्सिंग बढ़ाए, इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स के लिए स्किल डेवलपमेंट में सहयोग करे और अधिकृत रीसाइक्लिंग पार्टनर्स के साथ सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग को नई ऊंचाई दे। उन्होंने कंपनी को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रोजेक्ट के पूरे लाइफ साइकिल में एक विश्वसनीय साझेदार की तरह साथ खड़ी रहेगी।


कार्यक्रम में मौजूद रहे अधिकारी:


इस मौके पर बॉल कॉर्पोरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, डायरेक्टर अजीत शर्मा और शासन स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Related Post

प्रदेश की 96 चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू, सीएम योगी के निर्देश पर किसानों को तत्काल हो रहा भुगतान
यूपी को साइबर सुरक्षा का मजबूत कवच देने की तैयारी, यूपीएसआईएफएस की कार्यशाला में डेटा सुरक्षा और साइबर हमलों से बचाव पर हुआ मंथन
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5.0: लखनऊ में 26 नवंबर को विशेष महाशिविर, पेंशनभोगियों को मिलेगी फेस ऑथेंटिकेशन की जानकारी
लखनऊ विकास प्राधिकरण का बढ़ेगा दायरा, पूरे जिले को LDA में शामिल करने की तैयारी
मेरठ में Ball Beverage Packaging के एल्युमिनियम कैन प्लांट का होगा निर्माण, सीएम योगी ने वर्चुअली किया शिलान्यास
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर योगी का तंज, बोले- रामभक्तों से माफी मांग लें सपा प्रमुख

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.