लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मुद्दे पर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दो नावों पर एक साथ सवारी करना हमेशा जोखिम भरा होता है। उन्होंने अखिलेश के अयोध्या जाने के फैसले को अच्छा बताते हुए कहा कि उन्हें रामभक्तों और हिंदू समाज से अपने पुराने रुख के लिए माफी भी मांगनी चाहिए।

एक राजनीतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाने की संभावनाओं और समाजवादी राजनीति में सनातन संस्कृति के प्रति बढ़ते झुकाव को लेकर सवाल किया गया। योगी ने कहा कि दो अलग-अलग विचारधाराओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करना आसान नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश अब भाजपा की लाइन पर आ रहे हैं, यह अच्छी बात है।

रामभक्तों पर गोलीबारी का मुद्दा उठाया:

मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन के दौरान 1990 के दशक की घटनाओं का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी के तत्कालीन नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि उस समय भी ऐसी समझ विकसित हुई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। योगी ने कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या जाने के साथ ही रामभक्तों और हिंदू समाज से उस घटना के लिए माफी भी मांगनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि गलती स्वीकार करने या माफी मांगने से किसी का कद कम नहीं होता। इससे पुराने विवादों को खत्म करने और सकारात्मक संदेश देने का अवसर मिलता है।

भाजपा के लिए राष्ट्रवादी नागरिक ही अहम:

कार्यक्रम में अखिलेश यादव के पारंपरिक एमवाई समीकरण से आगे बढ़कर सॉफ्ट हिंदुत्व की राजनीति करने और भाजपा के मतदाता आधार में सेंध लगाने की कोशिश से जुड़ा सवाल भी उठा। इस पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा का समर्थन आधार उन सभी राष्ट्रवादी नागरिकों में है, जो संविधान में विश्वास रखते हैं और भारत की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रत्येक व्यक्ति के प्रति भाजपा सम्मान का भाव रखती है। उन्होंने अखिलेश यादव के बदले हुए राजनीतिक रुख को अच्छा बताते हुए स्पष्ट किया कि भाजपा और समाजवादी पार्टी की विचारधाराएं अलग-अलग हैं।

ट्रक पर लिखे जुमले से अखिलेश यादव पर कसा तंज:

अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी ने अपने खास अंदाज में ट्रकों पर लिखे जाने वाले एक चर्चित वाक्य का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, 'सटलअ तो गइलअ...' और इसके जरिए भाजपा की विचारधारा के करीब आने को लेकर सपा प्रमुख को चेतावनी भरे अंदाज में जवाब दिया।

योगी ने कहा कि भाजपा की विचारधारा का अपना अलग प्रभाव और मजबूती है। उन्होंने एक बार फिर अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन का स्वागत किया, लेकिन साथ ही दोहराया कि उन्हें रामभक्तों और हिंदू समाज से अतीत की घटनाओं को लेकर माफी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और उसके राजनीतिक संदेश को लेकर प्रदेश की सियासत में चर्चा और तेज होने की संभावना है।