लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। भाजपा के भीतर मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे जा रहे सवालों के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयानों ने राजनीतिक चर्चाओं को नया विषय दे दिया है। खास तौर पर केशव मौर्य के 'कमल का फूल' वाले जवाब के बाद योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें टिक गई हैं।

एक इंटरव्यू के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि यदि 2027 में भाजपा फिर से सत्ता में आती है तो मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम लेने के बजाय पार्टी के चुनाव चिह्न को प्राथमिकता दी। योगी ने कहा कि सभी को कमल के निशान पर चुनाव लड़ना है और वह खुद भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सबसे महत्वपूर्ण है। उनके इस जवाब को पार्टी की सामूहिक नेतृत्व और चुनाव चिह्न पर केंद्रित राजनीति के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

गोरखपुर से चुनाव लड़ने के सवाल पर क्या बोले योगी?

इंटरव्यू में मुख्यमंत्री से यह सवाल भी किया गया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में किस सीट से मैदान में उतरेंगे। इस पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह पहले भी गोरखपुर से चुनाव लड़ते रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम फैसला पार्टी करेगी और पार्टी जहां से तय करेगी, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगे।

NDA में मतभेद की अटकलों को किया खारिज:

योगी आदित्यनाथ ने एनडीए के सहयोगी दलों के बीच मतभेद होने की चर्चाओं को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। योगी के मुताबिक, राजनीतिक मुकाबला आपसी बातचीत और एकजुटता के साथ लड़ा जाता है।

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी साधा निशाना:

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दो नावों पर सवार होने की कोशिश करने वालों को अंततः नुकसान उठाना पड़ता है। राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए योगी ने 1990 के दशक में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी को लेकर सपा नेतृत्व से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है।

केशव प्रसाद मौर्य ने क्या दिया था जवाब?

इससे पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सवाल किया गया था। उरई में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि भाजपा आगामी चुनाव कमल के फूल के चुनाव चिह्न पर लड़ेगी। उनके इस जवाब के बाद राजनीतिक गलियारों में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।

मौर्य ने दावा किया था कि भाजपा 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन पर भी सवाल उठाए। साथ ही कहा कि प्रदेश की जनता सपा शासनकाल की कथित गुंडागर्दी और अराजकता की वापसी नहीं चाहती।

उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश में विकास के कई काम हुए हैं। बुंदेलखंड में आए बदलाव को भी उन्होंने सरकार की उपलब्धियों में गिनाया।