जनगणना 2027: सीएम योगी बोले, सटीक आंकड़ों से बनेगी विकसित यूपी की कार्ययोजना, कोई पात्र योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के लोकभवन में जनगणना 2027 के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।

By  Mangala Tiwari November 16th 2026 04:06 PM

लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के लोकभवन में जनगणना 2027 के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह जनगणना उत्तर प्रदेश के समग्र विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। सटीक और प्रामाणिक आंकड़ों के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाओं की ठोस कार्ययोजना बना सकेगी, जिससे प्रशासन को योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश की ज्यादातर विकास योजनाएं 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर आधारित रही हैं, इसलिए समाज के हर वर्ग की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का पता लगाना जरूरी है।


सही आंकड़े, सही योजना:


योगी ने कहा कि जिसके पास सही आंकड़े होंगे, वह अपनी योजनाएं उतनी ही प्रभावी ढंग से बना और लागू कर पाएगा। उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है। भारत का हर छठा व्यक्ति यूपी में रहता है, जबकि दुनिया का हर 36वां व्यक्ति इसी प्रदेश का निवासी है।


मुसहर समाज के उदाहरण से समझाई आंकड़ों की अहमियत:


मुख्यमंत्री ने जनगणना में किसी भी व्यक्ति या समुदाय के छूट जाने को गंभीर विषय बताते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुसहर समाज का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि समाज का यह सबसे विपन्न तबका लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा। पक्के मकान तो दूर, उनके पास झोपड़ी की जमीन का भी मालिकाना हक नहीं था, और कई परिवारों के पास राशन कार्ड व अन्य सरकारी सुविधाएं तक नहीं थीं। अगर पिछली जनगणनाओं में उनकी असल स्थिति सामने आती, तो वे पहले ही सरकारी योजनाओं के पात्र बन सकते थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद इस समुदाय के लिए अलग से योजना बनानी पड़ी और फिर उन्हें सरकारी योजनाओं से संतृप्त किया गया। जनगणना में किसी पात्र का नाम छूटने का मतलब है कि वह लंबे समय तक योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकता है। इसी तरह कहीं तीन स्कूल होना और कहीं कई किलोमीटर तक स्कूल न होना भी सही आंकड़ों के अभाव का नतीजा है। जनगणना से विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की असली जरूरत का आकलन हो सकेगा।


स्वगणना 16 से 30 नवंबर, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी टीम:


सीएम ने बताया कि प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की सुविधा रहेगी, जिसमें नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर खुद और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना होगी। जनगणना के दूसरे चरण में हर व्यक्ति से धर्म, जाति, शिक्षा, व्यवसाय, मातृभाषा और अन्य जनसांख्यिकीय पहलुओं से जुड़े 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी आबादी को देखते हुए यूपी की जिम्मेदारी विशेष है, और इस महाअभियान की सफलता के लिए प्रशासनिक समन्वय, जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और आम लोगों की जागरूकता जरूरी है। जिलाधिकारी खुद अभियान का नेतृत्व करेंगे और रोज उसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे। प्रदेश के 18 मंडल, 75 जिले, 350 तहसील, 825 विकासखंड, 57,694 ग्राम पंचायतें और 1,04,004 राजस्व गांव इस अभियान से जुड़ेंगे। मदद के लिए हेल्पलाइन 1855 भी जारी की गई है।


किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों और दूरस्थ बस्तियों तक पहुंचने के निर्देश:


मुख्यमंत्री ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों से पूरी सत्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और विनम्रता से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर परिवार तक पहुंचकर सही जानकारी जुटाना जरूरी है और कोई भी व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। खासतौर पर दूरस्थ बस्तियों, किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों, अकेले रहने वालों, बुजुर्गों, घुमंतू जातियों और वंचित वर्गों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी ड्यूटी नहीं, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण का राष्ट्रीय अभियान है। लोगों को आंकड़ों की गोपनीयता और जनगणना के महत्व के बारे में समझाया जाए।


युवाओं और मीडिया से जनजागरूकता की अपील:


योगी ने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वगणना में अपने माता-पिता, बुजुर्गों और पड़ोसियों की ऑनलाइन जानकारी दर्ज कराने में मदद करें और स्वगणना पूरी होने पर मिलने वाली आईडी सुरक्षित रखें। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए जागरूकता बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि जब जनगणना में हर व्यक्ति की भागीदारी होगी, तभी आने वाले दशक के लिए विकास की प्रभावी कार्ययोजना तैयार हो सकेगी।


कार्यक्रम में मौजूद रहे नेता और अधिकारी:


इस मौके पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक जय देवी सहित कई नेता और अधिकारी उपस्थित रहे।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.