गोरखपुर को 792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी, कैम्पियरगंज में रखेंगे प्रदेश के पहले वानिकी विश्वविद्यालय की नींव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर को 792 करोड़ रुपये से ज्यादा की 55 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

By  Mangala Tiwari November 17th 2026 06:56 PM

गोरखपुर:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर को 792 करोड़ रुपये से ज्यादा की 55 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कैम्पियरगंज के भारीवैसी में होने वाले कार्यक्रम में वे प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। साथ ही 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इन कामों से उच्च शिक्षा, गांवों की सड़कें, बाढ़ से बचाव और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी।


491 करोड़ से बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय:


कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय होगा। कैम्पियरगंज के भारीवैसी में 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) जमीन पर बनने वाले इस विश्वविद्यालय पर 491 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे। यह प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय होगा।


यहां वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी जैसे विषयों की पढ़ाई होगी। विश्वविद्यालय में स्नातक (बीएससी), परास्नातक (एमएससी), पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम चलेंगे। साथ ही यहां से डिग्री लेने वाले विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव भी है।


सड़कों और बाढ़ बचाव की परियोजनाओं का शिलान्यास:


मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय के अलावा गांवों की सड़कें, बाढ़ बचाव और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की सुरक्षा से जुड़ी करीब 130 करोड़ रुपये की 15 और परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें रोहिन नदी के दाएं तट पर मछलीगांव अलगटपुर तटबंध के किमी 18.20 पर कलान नाले के पास कल्यानपुर में पम्पिंग स्टेशन का निर्माण मुख्य है, जिस पर 54.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा रोहिन नदी के दाएं तट पर मानीराम डोमिनगढ़ तटबंध के किमी 10 पर ग्राम सिउरिया के पास 57.19 करोड़ रुपये की लागत से पम्पिंग स्टेशन बनेगा।


बाढ़ बचाव और पेयजल परियोजनाओं का लोकार्पण:


मुख्यमंत्री जिन 39 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें ज्यादातर काम गांवों की सड़कों और बाढ़ बचाव से जुड़े हैं। इनमें राप्ती और रोहिन नदियों के तटबंधों पर कटाव रोकने और सुरक्षा मजबूत करने के काम शामिल हैं।


प्रमुख परियोजनाओं में राप्ती नदी के बाएं तट पर गाहांसाड़ कोलिया तटबंध पर ग्राम उत्तरासोत के पास किमी 7.135 से 7.9 के बीच 17.38 करोड़ रुपये की लागत से हुआ कटाव निरोधक कार्य है। रोहिन नदी के दाएं तट पर मानीराम डोमिनगढ़ तटबंध के किमी 9.60 से किमी 11.60 तक 8.41 करोड़ रुपये की लागत से स्लोप पिचिंग का काम पूरा हो चुका है। राप्ती नदी के बाएं तट पर बढ़या कोठा तटबंध पर ग्राम तुर्कवलिया के पास किमी 9.08 से 9.485 के बीच 6.56 करोड़ रुपये की लागत से कटाव निरोधक कार्य का भी लोकार्पण होगा।


इसके अलावा अमृत 2.0 के तहत पीपीगंज नगर पंचायत पुनर्गठन पेयजल योजना के पार्ट-1 पर 34.36 करोड़ रुपये और पार्ट-2 पर 26.06 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। मुख्यमंत्री इन दोनों पेयजल परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.