गोसेवा और गोरक्षा ही था रमेश बाबा के जीवन का मकसद, बरसाना में श्रद्धांजलि देकर बोले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रमेश बाबा हम सबको समृद्ध विरासत सौंप गए हैं।
मथुरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रमेश बाबा हम सबको समृद्ध विरासत सौंप गए हैं। उनके जीवन का उद्देश्य लोककल्याण, गोसेवा, गोरक्षा, गोसंरक्षण और गोसंवर्धन था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे खुद भले अभाव में रहे, लेकिन अपना हर काम लोककल्याण को समर्पित करते हुए पूरा जीवन लगा दिया। उन्होंने कहा कि हम सबको उनके संकल्पों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करना होगा।
मुख्यमंत्री ने आध्यात्मिक गुरु, माताजी गोशाला के संस्थापक और ब्रह्मलीन संत 'पद्मश्री' रमेश बाबा को श्रद्धांजलि दी। मंगलवार को बरसाना की मान माता गोशाला में उन्होंने रमेश बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 12 यूनिट वाले फ्री डायलिसिस केंद्र का शुभारंभ भी किया।
"ऋषि और कृषि प्रधान है भारत की सनातन संस्कृति":
सीएम योगी ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ऋषि और कृषि प्रधान है और गोमाता इन दोनों परंपराओं के बीच पुल का काम करती हैं। उन्होंने रमेश बाबा के अनुयायियों और शिष्यों से उनके संकल्प पूरे करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने सबको भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ कदम से कदम मिलाकर काम करेगी।
गोशाला क्षेत्र की हरियाली की सराहना:
मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा का जिक्र करते हुए गाय को माता बताया। उन्होंने कहा कि 9-10 साल पहले जब वे यहां आए थे, तब भी ट्रस्ट के जरिए हजारों गायों की देखभाल होती थी। उस समय रमेश बाबा ने कुछ प्रकल्पों की चर्चा की थी, जो आज भी यहां चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले यहां सिर्फ सूखी पहाड़ी दिखती थी, आज हरियाली दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र जगह को देखकर लगता है कि गोमाता पूरे क्षेत्र को तीर्थ बना देती हैं, और गोशाला ट्रस्ट से जुड़े क्षेत्र की हरियाली और आध्यात्मिकता से इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
श्रद्धांजलि समारोह में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और तिजारा के विधायक बालक नाथ समेत कई लोग मौजूद रहे।