गोरखपुर को मिलेगा प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय, 19 नवंबर को सीएम योगी रखेंगे नींव, पांच विश्वविद्यालयों वाला जिला बनेगा

गोरखपुर और पूर्वांचल की पढ़ाई और विकास की राह में गुरुवार, 19 नवंबर को एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है।

By  Mangala Tiwari November 18th 2026 06:18 PM

गोरखपुर:  गोरखपुर और पूर्वांचल की पढ़ाई और विकास की राह में गुरुवार, 19 नवंबर को एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। आयुष चिकित्सा-शिक्षा में प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद अब गोरखपुर को उत्तर प्रदेश के पहले और देश के दूसरे 'वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय' (फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। करीब 50 हेक्टेयर जमीन पर 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस संस्थान की नींव रखने के साथ ही गोरखपुर प्रदेश का ऐसा अनोखा जिला बन जाएगा, जहां दो खास (यूनिक) विश्वविद्यालयों समेत कुल पांच विश्वविद्यालय होंगे।


मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर बीते कुछ सालों में उच्च शिक्षा और शोध के बड़े केंद्र के रूप में उभरा है। अब तक जिले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (राज्य विश्वविद्यालय), मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (राज्य प्राविधिक विश्वविद्यालय), महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (निजी क्षेत्र) और प्रदेश का पहला महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय (पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को समर्पित) मौजूद हैं। वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय बनने के बाद यह जिले का पांचवां विश्वविद्यालय होगा। इनमें आयुष विश्वविद्यालय और वानिकी विश्वविद्यालय अपने खास पाठ्यक्रमों और काम करने के तरीके की वजह से पूरे प्रदेश में अलग हैं। इससे गोरखपुर 'नॉलेज कैपिटल' के रूप में स्थापित होगा और पर्यावरण संरक्षण व सतत विकास में उत्तर प्रदेश देश में आगे खड़ा होगा।


50 हेक्टेयर में बनेगा विश्वविद्यालय, डीएम ने बताया उद्देश्य:


गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार, कैंपियरगंज के भारीवैसी में प्रस्तावित इस विश्वविद्यालय का निर्माण भव्य और आधुनिक मानकों के हिसाब से होगा। इसके लिए 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) जमीन चिह्नित की गई है, जिस पर 491 करोड़ रुपये खर्च होंगे। विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण में उच्च स्तर की पढ़ाई, शोध और नवाचार को बढ़ावा देना है। यह संस्थान सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे उत्तर भारत के विद्यार्थियों के लिए वन विज्ञान और पर्यावरण प्रबंधन में करियर बनाने के नए रास्ते खोलेगा। यह प्रदेश में अपनी तरह का पहला बड़ा केंद्र होगा।


कौन-कौन से कोर्स होंगे:


प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह के मुताबिक, विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्य जीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी जैसे कई आधुनिक विषयों में स्नातक (बीएससी), परास्नातक (एमएससी), पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम चलेंगे। यहां से डिग्री लेने वाले विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव भी है।


विश्वविद्यालय में एक प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार, 895 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, 401 आवासीय यूनिट, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, अतिथि गृह और दूसरी आधुनिक सुविधाएं बनाई जाएंगी।


792 करोड़ की 55 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण:


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 19 नवंबर को गोरखपुर के कैम्पियरगंज में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ 792 करोड़ रुपये से ज्यादा की कुल 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। वे 491 करोड़ रुपये के वानिकी विश्वविद्यालय समेत 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही उनके हाथों 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी होगा।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.