सर्वोदय विद्यालयों में कबड्डी-वॉलीबाल प्रतियोगिताएं, खिलाड़ियों को मिलेगा हुनर दिखाने का मंच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर खास जोर दे रही है।

By  Mangala Tiwari November 16th 2026 10:20 PM

लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर खास जोर दे रही है। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। इन मुकाबलों से विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।


जनपद और जोन स्तर पर होंगे मुकाबले:


प्रतियोगिताओं में सीनियर वर्ग के खिलाड़ी कबड्डी के दांव-पेच और वॉलीबाल के स्मैश के साथ मैदान में अपना दम दिखाएंगे। पहले चरण में 18 और 19 नवंबर को जनपद स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 26 से 28 नवंबर तक जोन स्तर पर मुकाबले कराए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी मंच मिलेगा और खेलों के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ेगी।


खेलों से निखरेगा व्यक्तित्व, बढ़ेगा आत्मविश्वास:


योगी सरकार की कोशिश है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ने के भरपूर अवसर मिलें। कबड्डी और वॉलीबाल जैसी टीम आधारित प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और टीम भावना विकसित करने में सहायक होंगी। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी काबिलियत साबित करने का मौका मिलेगा।


आयोजन की जिम्मेदारी अधिकारियों को:


प्रतियोगिताओं के सुव्यवस्थित और सफल आयोजन के लिए विभाग ने अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की हैं। जनपद स्तर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी और जोन स्तर पर संयुक्त अथवा उप निदेशक समाज कल्याण नोडल अधिकारी होंगे। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य आयोजन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।


विजेता खिलाड़ियों का ब्योरा निदेशालय को भेजा जाएगा:


समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों का विस्तृत विवरण निदेशालय को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की इस पहल से सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास भी मजबूत होगा।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.