डिजिटल डिवाइस से बदल रही युवाओं की तकदीर, योजना का असर 3 करोड़ लोगों तक पहुंचा

उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल साधनों से जोड़ने की मुहिम अब सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रही।

By  Mangala Tiwari November 15th 2026 07:07 PM

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल साधनों से जोड़ने की मुहिम अब सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रही। यह शिक्षा, सामाजिक सशक्तीकरण और आर्थिक भागीदारी का बड़ा जरिया बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना ने विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़ने के साथ-साथ उन परिवारों तक भी डिजिटल पहुंच बनाई है, जिनके लिए स्मार्टफोन या टैबलेट खरीदना आसान नहीं था। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) लखनऊ ने मार्च 2026 तक के आंकड़ों के आधार पर स्वतंत्र प्रभाव आकलन (इम्पैक्ट असेसमेंट) किया है, जिसमें योजना के दूरगामी सामाजिक और शैक्षणिक असर की पुष्टि हुई है।


3 करोड़ लोगों तक पहुंचा योजना का असर:


अध्ययन के मुताबिक मार्च 2026 तक प्रदेश में करीब 60 लाख स्मार्ट डिवाइस बांटे जा चुके हैं। इनमें 37.19 लाख स्मार्टफोन और 22.61 लाख टैबलेट हैं। प्रदेश में एक परिवार में औसतन पांच सदस्य मानें तो इसका संभावित असर करीब 3 करोड़ लोगों तक पहुंचता है। यानी योजना का फायदा सिर्फ विद्यार्थियों को नहीं, उनके परिवार के दूसरे सदस्यों को भी मिल रहा है।


योजना की सबसे बड़ी खासियत इसका सबको साथ लेकर चलने वाला स्वरूप है। अध्ययन में सामने आया कि बड़ी संख्या में लाभार्थी ऐसे परिवारों से हैं, जिनकी सालाना आमदनी दो लाख रुपये से कम है। सर्वे में शामिल 4,414 परिवारों में से 2,019 यानी 45.7 प्रतिशत के लिए योजना में मिला डिवाइस पहला स्मार्ट डिजिटल उपकरण था। इससे साफ है कि योजना डिजिटल डिवाइड को पाटने में कारगर रही है। अध्ययन का निष्कर्ष है कि जिन परिवारों के पास पहले कोई डिजिटल साधन नहीं था, वहां योजना का सबसे ज्यादा असर दिखा।


टैबलेट से मिले बेहतर शैक्षणिक नतीजे:


अध्ययन में टैबलेट और स्मार्टफोन के असर की तुलना भी की गई। टैबलेट पाने वाले विद्यार्थियों ने सीखने की क्षमता, करियर से जुड़ी आकांक्षाओं, योजना से संतुष्टि, सशक्तीकरण और नेतृत्व क्षमता जैसे पैमानों पर बेहतर प्रदर्शन किया। आठ पैमानों पर टैबलेट इस्तेमाल करने वालों के नतीजे सांख्यिकीय रूप से उल्लेखनीय तौर पर बेहतर पाए गए। इससे उच्च शिक्षा, तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में टैबलेट की उपयोगिता साफ नजर आती है।


बेटियों के सशक्तीकरण में भी कारगर रही योजना:


अध्ययन में महिला सशक्तीकरण को लेकर भी अहम बात सामने आई। शैक्षणिक प्रदर्शन, राजनीतिक और सामाजिक सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, दक्षता और आत्मनिर्णय जैसे पैमानों पर महिला लाभार्थियों ने पुरुष लाभार्थियों से बेहतर नतीजे दर्ज किए। इससे पता चलता है कि डिजिटल उपकरण बेटियों के लिए सिर्फ पढ़ाई का साधन नहीं हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, फैसले लेने की क्षमता और समाज में भागीदारी भी बढ़ा रहे हैं।


डिजिटल इस्तेमाल बढ़ा, परिवारों और शिक्षण संस्थानों को भी फायदा:


सर्वे में 43.5 प्रतिशत से ज्यादा लाभार्थियों ने बताया कि वे हर महीने पांच जीबी से अधिक इंटरनेट डेटा इस्तेमाल करते हैं। अभिभावकों का कहना है कि डिवाइस का उपयोग परिवार के दूसरे सदस्य भी ई-गवर्नेंस, डिजिटल भुगतान और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कर रहे हैं। शिक्षकों और प्राचार्यों ने भी माना कि कक्षा में विद्यार्थियों की भागीदारी और खुद से सीखने की क्षमता में सकारात्मक बदलाव आया है। अध्ययन में कक्षा सहभागिता और स्वतंत्र शिक्षण के लिए 4.53/5 की ऊंची रेटिंग दर्ज की गई।


योजना को और असरदार बनाने के लिए आईआईएम के सुझाव:


आईआईएम लखनऊ की अध्ययन टीम ने योजना का दीर्घकालिक असर बढ़ाने के लिए दस रणनीतिक सुझाव दिए हैं। इनमें उच्च शिक्षा और तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता से टैबलेट देना, पहली बार डिजिटल डिवाइस पाने वाले परिवारों को अतिरिक्त वरीयता, डिजिटल वेलनेस प्रशिक्षण, शिक्षकों का डिजिटल प्रशिक्षण, संस्थानों में वाई-फाई सुविधा, ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म और नियमित प्रभाव आकलन शामिल हैं।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.