यूपी के 5 लाख और घरों की छतों पर लगेंगे सोलर संयंत्र, योगी सरकार ने केंद्र को भेजा ₹3,750 करोड़ का प्रस्ताव

योगी सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के 5 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की योजना बनाई है।

By  Mangala Tiwari November 17th 2026 06:23 PM

लखनऊ: योगी सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के 5 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की योजना बनाई है। इसके लिए उपयोगिता आधारित एकत्रीकरण मॉडल के तहत केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इस परियोजना से प्रदेश में करीब 750 मेगावाट अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता तैयार होगी।


प्रस्तावित योजना में 5 लाख घरों में से 50 प्रतिशत घरों पर 1 किलोवाट और बाकी 50 प्रतिशत घरों पर 2 किलोवाट क्षमता के संयंत्र लगाए जाएंगे। परियोजना की अनुमानित लागत करीब ₹3,750 करोड़ है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक मदद का प्रस्ताव है। योजना को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL), उसकी अलग-अलग बिजली वितरण कंपनियों (DISCOMs) और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (UPNEDA) के तालमेल से लागू किया जाएगा।


इस पहल से बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ता सौर ऊर्जा से जुड़ेंगे, उनके बिजली बिल में कमी आएगी और प्रदेश में स्वच्छ व हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। ULA मॉडल से बड़े स्तर पर एक साथ सोलर संयंत्र लगाने का रास्ता भी खुलेगा।


रूफटॉप सोलर में यूपी देश में पहले नंबर पर:


प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक कुल रूफटॉप सोलर स्थापनाओं में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में अब तक 9,62,866 रूफटॉप सोलर संयंत्र लग चुके हैं। यह उपलब्धि दिखाती है कि प्रदेश में सौर ऊर्जा को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है और सरकार, अलग-अलग विभागों और बिजली वितरण कंपनियों ने मिलकर काम किया है।


31 मार्च 2027 से पहले करें आवेदन:


उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सौर ऊर्जा की बड़ी संभावनाओं को देखते हुए इस योजना को लेकर उपभोक्ताओं में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। बिजली उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे योजना की आखिरी तारीख 31 मार्च 2027 से पहले आधिकारिक पीएम सूर्य घर पोर्टल पर आवेदन करें। पात्रता के हिसाब से अधिकतम ₹1.08 लाख की केंद्र और राज्य सब्सिडी का फायदा उठाकर वे अपने घरों पर सोलर संयंत्र लगवा सकते हैं। इससे उन्हें बिजली बिल में अच्छी बचत होगी और स्वच्छ ऊर्जा का लाभ भी मिलेगा।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.