प्रदेश की 96 चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू, सीएम योगी के निर्देश पर किसानों को तत्काल हो रहा भुगतान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद पेराई सत्र 2026-27 में अब तक 96 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है।
लखनऊ: गन्ना किसानों का हित योगी सरकार की प्राथमिकता में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद पेराई सत्र 2026-27 में अब तक 96 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। अब तक सबसे ज्यादा गन्ना पेराई हरदोई की हरियावां चीनी मिल ने की है, जहां 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई। वहीं लखीमपुर खीरी की अजबापुर-डीसीएम ग्रुप ने सबसे ज्यादा 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई, 63.80 लाख कुंतल चीनी बनी:
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि चालू सत्र में प्रदेश की 96 चीनी मिलों में पेराई कार्य सफलतापूर्वक शुरू हो चुका है। इनमें निजी क्षेत्र की 78, सहकारी क्षेत्र की 17 और निगम क्षेत्र की एक मिल शामिल है। इन मिलों ने अब तक कुल 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है, जिससे 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ।
किसानों के खातों में सीधा और त्वरित भुगतान:
इस सत्र में अब तक कुल देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के मुकाबले चीनी मिलों ने सौ फीसदी से भी अधिक का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में भेज दिया है। सत्र की शुरुआत से ही मिलों द्वारा तुरंत भुगतान किए जाने से किसान बिचौलियों और देरी की समस्या से मुक्त होकर गन्ना आपूर्ति कर सकेंगे।
सबसे ज्यादा पेराई करने वाली मिलें:
पेराई सत्र 2026-27 में अब तक सर्वाधिक पेराई करने वाली मिलों में हरदोई की हरियावां चीनी मिल 22.41 लाख कुंतल के साथ पहले स्थान पर है। सीतापुर की हरगांव चीनी मिल 21.94 लाख कुंतल के साथ दूसरे और मुजफ्फरनगर की खतौली चीनी मिल 20.95 लाख कुंतल के साथ तीसरे स्थान पर है।
किसानों को सबसे ज्यादा भुगतान करने वाली मिलें:
भुगतान के मामले में लखीमपुर की अजबापुर-डीसीएम ग्रुप 82 करोड़ रुपये के साथ सबसे आगे है। मेरठ की मवाना चीनी मिल ने 62 करोड़ रुपये और सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 60.42 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
गन्ना आयुक्त बोले, विभाग कर रहा लगातार निगरानी:
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गन्ना किसानों की आर्थिक समृद्धि, सम्मान और उनकी उपज का उचित व समय पर मूल्य दिलाने का निर्देश दिया है। इसके बाद चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत गन्ना मूल्य भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग लगातार इसकी निगरानी कर रहा है और किसानों को तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।