यूपी को साइबर सुरक्षा का मजबूत कवच देने की तैयारी, यूपीएसआईएफएस की कार्यशाला में डेटा सुरक्षा और साइबर हमलों से बचाव पर हुआ मंथन

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग और तेजी से बदलती डिजिटल तकनीक के दौर में साइबर सुरक्षा की चुनौतियां जटिल होती जा रही हैं।

By  Mangala Tiwari November 25th 2026 11:34 PM

लखनऊ:  आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग और तेजी से बदलती डिजिटल तकनीक के दौर में साइबर सुरक्षा की चुनौतियां जटिल होती जा रही हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश को डिजिटल रूप से सुरक्षित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए अहम मंथन हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी की पहल पर हुई विशेष कार्यशाला में शासन-प्रशासन, पुलिस, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने प्रदेश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा, डेटा संरक्षण और साइबर हमलों से बचाव के उपायों पर विचार रखे।


यूपी-112 मुख्यालय में हुआ आयोजन:


गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई इस कार्यशाला में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और सिस्को सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला का मुख्य मकसद सरकारी विभागों और अहम डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों का आकलन करना, साइबर गवर्नेंस को मजबूत करना और उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले खतरों से निपटने के लिए संस्थागत क्षमता विकसित करना रहा।


विशेषज्ञों ने दिए सक्रिय और समन्वित व्यवस्था के सुझाव:


डॉ. जीके गोस्वामी ने कार्यशाला के आयोजन और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने में अहम भूमिका निभाई। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों, साइबर सुरक्षा पेशेवरों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने प्रदेश में साइबर सुरक्षा के लिए सक्रिय, समन्वित और भविष्य के अनुकूल व्यवस्था बनाने के अहम सुझाव दिए। सरकारी डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों, साइबर हमलों से निपटने की क्षमता और उभरती तकनीकों के अनुरूप सुरक्षा तंत्र मजबूत करने पर खास चर्चा हुई। साथ ही एआई आधारित साइबर खतरों, क्वांटम तकनीक के दौर की संभावित सुरक्षा कमजोरियों, डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही और साइबर घटनाओं के प्रभावी प्रबंधन पर भी विचार-विमर्श हुआ।


दो हजार करोड़ के यूपी एआई मिशन और क्वांटम कंप्यूटिंग पर चर्चा:


उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि मजबूत और भविष्य के लिए तैयार उत्तर प्रदेश के निर्माण में आधुनिक तकनीक की निर्णायक भूमिका है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने दो हजार करोड़ रुपये के यूपी एआई मिशन को मंजूरी दी है, जिसमें बच्चों के पोषण की निगरानी जैसी जनहित की समस्याओं के समाधान में एआई के उपयोग और युवाओं के प्रशिक्षण पर जोर रहेगा। उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों और संस्थाओं से मिशन के तहत प्रस्ताव भेजने का आह्वान किया। क्वांटम कंप्यूटिंग पर उन्होंने बताया कि सरकार आईआईटी कानपुर के सहयोग से क्वांटम कंप्यूटर स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है, जबकि यूपीएसआईएफएस भी स्वदेशी क्वांटम कंप्यूटर लाने की पहल कर रहा है। उन्होंने ग्रामीण युवाओं तक तकनीक की पहुंच बढ़ाने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण, डेटा सेंटर के विस्तार और सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं प्रशिक्षण योजना के तहत निजी कंपनियों को कौशल केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित करने की जानकारी भी दी।


कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता जरूरी: लीना जौहरी


महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने कहा कि तकनीक की सफलता इस पर निर्भर करेगी कि वह आम आदमी का जीवन कितना आसान और सुरक्षित बनाती है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में एआई का इस्तेमाल बढ़ाते समय लाभार्थियों की निजता, गरिमा और भरोसे की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उनके अनुसार संवेदनशील विभाग में एक गलत प्रविष्टि किसी बच्चे को जरूरी पोषण सेवाओं से वंचित कर सकती है, जबकि उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिला की जानकारी उजागर होने से उसकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसलिए कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता जरूरी है।


तकनीक के साथ अनुभव और मानवीय समझ भी जरूरी: कामिनी चौहान रतन:


राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव कामिनी चौहान रतन ने कहा कि तकनीक के साथ अनुभव और मानवीय समझ भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि करदाताओं से संवाद और 'विभाग आपके द्वार' जैसे कार्यक्रमों के जरिए उन्हें साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा। इसका मकसद कुशल कर प्रशासन, सुशासन और करदाताओं की बात सुनते हुए अनुपालन सुनिश्चित करना है।


साइबर सुरक्षा में एआई जरूरी, पर जवाबदेही भी तय हो:


पैनल चर्चा का संचालन करते हुए डॉ. हीरा लाल ने डिजिटल तकनीक में भरोसे, सुरक्षा और जवाबदेही के बीच संतुलन की जरूरत बताई। उन्होंने अमेरिका में एयरलाइंस और बैंक पर हुए साइबर हमलों का उदाहरण देकर कहा कि विकसित देश भी इन खतरों से पूरी तरह महफूज नहीं हैं, लेकिन खतरों के डर से डिजिटल तकनीक से दूरी बनाना विकास की रफ्तार को प्रभावित कर सकता है। यूपी एटीएस के डीआईजी अभिषेक यादव ने कहा कि फर्जी डिजिटल पहचान और सोशल मीडिया से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारी एजेंसियों को आधुनिक तकनीक अपनानी होगी। उन्होंने कहा कि एआई लाखों डेटा का विश्लेषण कर जांच और कानून प्रवर्तन में मदद कर सकता है, पर अंतिम फैसला मानव अधिकारी का ही होना चाहिए। उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन में भी एआई आधारित रियल टाइम डेटा विश्लेषण को उपयोगी बताया।


सेना की तर्ज पर नियमित साइबर सुरक्षा अभ्यास और जांच की जरूरत:


कर्नल शिखा मेहरोत्रा ने सरकारी अस्पतालों, बैंकों और सार्वजनिक कार्यालयों में सेना की तर्ज पर नियमित साइबर सुरक्षा अभ्यास और जांच की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि साइबर हमले से पहले ही सुरक्षा तैयारियां पूरी होनी चाहिए। सिस्को इंडिया और दक्षिण एशिया के सीटीओ सिक्योरिटी एवं निदेशक संदीप अग्रवाल ने एआई को साइबर सुरक्षा के लिए फोर्स मल्टीप्लायर बताया। उन्होंने आइडेंटिटी एवं एक्सेस मैनेजमेंट, सेगमेंटेशन और विजिबिलिटी को मजबूत साइबर सुरक्षा के तीन प्रमुख स्तंभ कहा। उनके मुताबिक एआई तकनीकी कमजोरियों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को ज्यादा प्रभावी बना सकता है।


विशेष पैनल में इन अधिकारियों ने भी रखे विचार:


विशेष पैनल में श्रम एवं सेवायोजन (रोजगार) विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल, एमएसएमई विभाग के सचिव प्रांजल यादव, यूपी डेवलपमेंट सिस्टम्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक आकांक्षा राणा, उत्तर प्रदेश वन निगम के अपर प्रबंध निदेशक डॉ. सुजॉय बनर्जी, आयकर आयुक्त (अपील) लखनऊ डॉ. नील जैन, डीआरआई लखनऊ जोन के एडीजी डॉ. विद्युत विकास, 35वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ के कमांडेंट अमित कुमार, यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के निदेशक कर्नल (डॉ.) प्रवीण कुमार सिंह, डीएससीआई के अतुल कुमार और आईआईटी इलाहाबाद के प्रो. वृजेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया।


Related Post

एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का नया हब बन रहा मेरठ: सीएम योगी, बॉल कॉर्पोरेशन की इकाई का शिलान्यास
प्रदेश की 96 चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू, सीएम योगी के निर्देश पर किसानों को तत्काल हो रहा भुगतान
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5.0: लखनऊ में 26 नवंबर को विशेष महाशिविर, पेंशनभोगियों को मिलेगी फेस ऑथेंटिकेशन की जानकारी
लखनऊ विकास प्राधिकरण का बढ़ेगा दायरा, पूरे जिले को LDA में शामिल करने की तैयारी
मेरठ में Ball Beverage Packaging के एल्युमिनियम कैन प्लांट का होगा निर्माण, सीएम योगी ने वर्चुअली किया शिलान्यास
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर योगी का तंज, बोले- रामभक्तों से माफी मांग लें सपा प्रमुख

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.