किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य पर योगी सरकार का फोकस, स्कूलों में मुफ्त सैनिटरी पैड की व्यवस्था पर मंथन

किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य और स्वच्छता सेवाओं को मजबूत करने के लिए योगी सरकार अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल बढ़ाएगी।

By  Mangala Tiwari November 16th 2026 09:59 PM

लखनऊ: किशोरियों के माहवारी स्वास्थ्य और स्वच्छता सेवाओं को मजबूत करने के लिए योगी सरकार अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल बढ़ाएगी। सोमवार को राज्य स्तरीय माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति की बैठक में सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों की छात्राओं को मुफ्त सैनिटरी पैड देने की व्यवस्था विकसित करने पर चर्चा हुई। इसका मकसद यह है कि सभी किशोरियों तक जरूरी जानकारी और स्वच्छता सुविधाएं बराबरी से पहुंचें।


स्कूलों की नियमित गतिविधियों में शामिल होगी जानकारी:


एनेक्सी भवन में प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी की अध्यक्षता में हुई बैठक में माहवारी स्वास्थ्य और किशोरावस्था से जुड़ी जानकारी को स्कूलों की नियमित गतिविधियों का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। समिति ने कहा कि माहवारी शुरू होने से पहले ही किशोरियों को जरूरी जानकारी दी जाए, ताकि वे शारीरिक बदलावों को समझ सकें और स्वच्छता के लिए तैयार रहें।


भ्रांतियां और झिझक दूर करने को जागरूकता अभियान:


माहवारी से जुड़े मिथकों, भ्रांतियों और सामाजिक झिझक को खत्म करने के लिए विभिन्न विभागों और सामुदायिक मंचों के जरिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। डिजिटल और सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से भी सुरक्षित और स्वच्छ आदतें अपनाने का संदेश दिया जाएगा।


सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल निस्तारण पर जोर:


बैठक में इस्तेमाल किए जा चुके सैनिटरी पैड और माहवारी स्वच्छता के अन्य उत्पादों के सुरक्षित व पर्यावरण के अनुकूल निस्तारण की व्यवस्था मजबूत करने पर खास जोर दिया गया। नगर विकास और पंचायती राज विभाग के जरिए शहरी व ग्रामीण इलाकों में इससे जुड़ी सेवाओं और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।


कई विभागों के प्रतिनिधि रहे शामिल:


बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, नगर विकास और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों तथा संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.