अमेरिका, जर्मनी और इजरायल तक पहुंचे यूपी के फल-सब्जियां, 15 बागवानी उत्पादों का निर्यात 489 करोड़ के पार

योगी सरकार प्रदेश को कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में दुनिया में पहचान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है।

By  Mangala Tiwari November 17th 2026 06:41 PM

लखनऊ:  योगी सरकार प्रदेश को कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में दुनिया में पहचान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसका असर यह है कि उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों ने विदेशी बाजारों में मजबूत जगह बना ली है। आलू, अंगूर, अनार, संतरा, तरबूज, मटर, आम और अमरूद जैसे उत्पादों की विदेशों में मांग पहले से काफी बढ़ी है। प्रदेश के उत्पाद सिर्फ ताजे फल-सब्जियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रसंस्कृत और संरक्षित उत्पादों के निर्यात में भी अपनी जगह बना रहे हैं। निर्यात के गंतव्यों में नेपाल यूपी के बागवानी उत्पादों का सबसे बड़ा खरीदार बनकर उभरा है।


नेपाल के बाजार में छाया यूपी का आलू:

अपर मुख्य सचिव हार्टिकल्चर एवं फूड प्रोसेसिंग बाबू लाल मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने के लिए उत्पादन के साथ प्रसंस्करण, गुणवत्ता, भंडारण और निर्यात सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। इसी का नतीजा है कि हाल ही में निर्यात मूल्य के आधार पर जारी बागवानी उत्पादों की शीर्ष 20 की सूची में पहले 15 उत्पादों का कुल निर्यात मूल्य 489.01 करोड़ रुपये रहा।


इसमें आलू और उससे बने उत्पादों की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है। ताजे और शीतित आलू का निर्यात 146.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात 103.24 करोड़ रुपये रहा। इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर आलू उत्पादों का निर्यात 249.27 करोड़ रुपये पहुंच गया। ताजे और शीतित आलू के 146.03 करोड़ रुपये के निर्यात में अकेले नेपाल की हिस्सेदारी 145.12 करोड़ रुपये रही।


नेपाल ने और भी कई उत्पाद खरीदे। ताजे अंगूर का 34.89 करोड़ रुपये का पूरा निर्यात नेपाल को हुआ। अनार के निर्यात में नेपाल का योगदान 24.75 करोड़ रुपये रहा। संतरे के 21.19 करोड़ रुपये और नींबू व लाइम के 15.71 करोड़ रुपये के निर्यात का मुख्य गंतव्य भी नेपाल रहा।


जापान, इजरायल, जर्मनी और अमेरिका भी बने खरीदार:


अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश के प्रसंस्कृत उत्पाद नेपाल से आगे दूसरे देशों के बाजारों में भी पहुंचे हैं। आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स जापान, मलेशिया, इजरायल और इंडोनेशिया जैसे देशों को भेजे जा रहे हैं। इस श्रेणी में जापान को 44.06 करोड़ रुपये, मलेशिया को 17.43 करोड़ रुपये, इजरायल को 11.89 करोड़ रुपये और इंडोनेशिया को 11.44 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए। सूखे आलू के 26.89 करोड़ रुपये के निर्यात में नेपाल की मुख्य हिस्सेदारी रही। इन उत्पादों की आपूर्ति अमेरिका और जर्मनी को भी हुई।


आलू के अलावा दूसरे बागवानी उत्पादों का निर्यात भी बढ़ रहा है। ताजे अंगूर का निर्यात 34.89 करोड़ रुपये, ताजे अनार का 24.78 करोड़ रुपये और सूखी अन्य निर्जलित सब्जियों का 23.51 करोड़ रुपये रहा। सूखी निर्जलित सब्जियों में जर्मनी को 19.70 करोड़ रुपये, अमेरिका को 3.05 करोड़ रुपये और नेपाल को 0.76 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ।


हरी मटर के कायल हुए अमेरिका और जर्मनी:


ताजे और सूखे संतरे का निर्यात 21.19 करोड़ रुपये, ताजे तरबूज का 20.37 करोड़ रुपये और अन्य सब्जियों व सब्जियों के मिश्रण का 18.03 करोड़ रुपये रहा। तरबूज में नेपाल को 20.35 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए, जबकि इटली को भी आपूर्ति हुई। अन्य सब्जियों के मिश्रण की मांग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और संयुक्त अरब अमीरात में भी रही।


तैयार और संरक्षित आलू (नॉन-फ्रोजन) का निर्यात 14.51 करोड़ रुपये तक पहुंचा। इसके मुख्य खरीदार अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूएई और ब्रिटेन रहे। फ्रोजन मटर का निर्यात 12.16 करोड़ रुपये और हरी मटर का 11.99 करोड़ रुपये रहा। फ्रोजन मटर की मांग सऊदी अरब, नेपाल, कनाडा और यूएई में रही, जबकि हरी मटर अमेरिका और जर्मनी समेत दूसरे बाजारों में पहुंची।


ताजे आम की अन्य किस्मों का निर्यात 10.53 करोड़ रुपये और ताजे व सूखे अमरूद का 5.18 करोड़ रुपये रहा। आम के निर्यात में नेपाल के साथ ब्रिटेन, यूएई और कतर भी मुख्य गंतव्य रहे। अमरूद में भी नेपाल सबसे बड़ा खरीदार रहा।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.