छोटे शहरों और धार्मिक-पर्यटन स्थलों को मिलेगी हवाई उड़ान, मॉडिफाइड उड़ान योजना के त्रिपक्षीय एमओयू को योगी कैबिनेट की मंजूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में अहम फैसला लिया गया।

By  Mangala Tiwari November 18th 2026 10:33 PM

लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में अहम फैसला लिया गया। कैबिनेट ने भारत सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम-मॉडिफाइड उड़ान (UDAN) के अगले चरण के तहत केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) के निष्पादन को मंजूरी दे दी है।


वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस योजना में 80 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 20 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 4 जुलाई 2026 को लागू की गई इस योजना का उद्देश्य छोटे शहरों और क्षेत्रीय हवाई अड्डों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ना है। योगी सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के छोटे शहरों के साथ-साथ धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों तक हवाई सेवाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।


हवाई सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए विशेष सुविधाएं:


योजना के तहत उत्तर प्रदेश सरकार आरसीएस कन्सेशन एयरपोर्ट्स पर विमानन कंपनियों और हवाई अड्डों को कई अहम सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इनमें विमानन ईंधन पर वैट की दर 1 प्रतिशत या उससे कम रखना, अग्निशमन एवं सुरक्षा सेवाएं निःशुल्क देना तथा बिजली, पानी और अन्य जनोपयोगी सेवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार भूमि और कनेक्टिविटी की सुविधा भी दी जाएगी। योजना के अंतर्गत व्यवहार्यता अंतराल निधियन (वीजीएफ) में राज्य सरकार की ओर से 20 प्रतिशत हिस्सेदारी भी दी जाएगी।


एमओयू के लिए अधिकारी अधिकृत:


कैबिनेट ने त्रिपक्षीय एमओयू पर हस्ताक्षर के लिए उत्तर प्रदेश के निदेशक, नागरिक उड्डयन को अधिकृत किया है। वहीं समझौते के प्रावधानों के अनुरूप दो नोडल अधिकारियों को नामित करने के लिए नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव को अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही मामले में आवश्यक विचलन या अन्य किसी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अधिकृत किया गया है।


धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच होगी आसान:


यह निर्णय प्रदेश के क्षेत्रीय हवाई संपर्क नेटवर्क को मजबूत करने में अहम साबित होगा। इससे छोटे शहरों, धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और प्रमुख पर्यटन केंद्रों तक हवाई यात्रा की संभावनाएं बढ़ेंगी। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। क्षेत्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार से होटल, परिवहन, पर्यटन, आतिथ्य और अन्य सेवा क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे स्थानीय कारोबारियों, युवाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.