तकनीकी अड़चनों के बावजूद दीपावली से पहले 3 लाख कर्मियों के खातों में पहुंचा मानदेय, एनएचएम ने किया 441.27 करोड़ रुपये का भुगतान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले प्रदेश के अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों को मानदेय देने के निर्देश दिए थे, ताकि सभी त्योहार धूमधाम से मना सकें।

By  Mangala Tiwari November 16th 2026 10:09 PM

लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले प्रदेश के अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों को मानदेय देने के निर्देश दिए थे, ताकि सभी त्योहार धूमधाम से मना सकें। उनकी मंशा के अनुरूप राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), उत्तर प्रदेश ने एसएनए-स्पर्श पोर्टल पर कई तकनीकी दिक्कतें आने के बावजूद 3 लाख कर्मचारियों को समय पर 441.27 करोड़ रुपये का भुगतान किया। पोर्टल पर तकनीकी और प्रक्रियागत चुनौतियां थीं, फिर भी मिशन निदेशक की लगातार निगरानी और अधिकारियों-कर्मचारियों के आपसी तालमेल से बहुत कम समय में भुगतान पूरा हो सका। इसके लिए अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खोला गया।


सुबह 10 से रात 12 बजे तक वीसी से हुआ समस्याओं का समाधान:


एनएचएम की महानिदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने दीपावली से पहले कर्मचारियों को मानदेय देने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों को प्राथमिकता देते हुए मिशन ने भुगतान प्रक्रिया तय समयसीमा में पूरी करने के लिए विशेष प्रयास किए। उन्होंने खुद निगरानी की और बाधाएं दूर करने के लिए अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखा। उन्होंने कहा कि तीन लाख लोगों के खातों में समय से रकम पहुंचाना आसान नहीं था। प्रक्रिया के दौरान कई तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याएं आईं। कहीं डेटा में कमियां थीं, तो कहीं पोर्टल और आधार लिंकिंग की दिक्कतों से भुगतान प्रभावित होने की आशंका थी। इसके बावजूद भुगतान को प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर समाधान के प्रयास किए गए। उन्होंने सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों के साथ बैठकें कीं, जिनमें भुगतान की स्थिति की समीक्षा के साथ एक-एक समस्या का निस्तारण कराया गया। संबंधित अधिकारियों को लंबित मामले तुरंत ठीक करने और भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।


अवकाश में भी खुला कार्यालय, भारत सरकार से किया गया अनुरोध:


महानिदेशक ने बताया कि भुगतान समय से सुनिश्चित करने के लिए अवकाश के दिन भी कार्यालय खुलवाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने छुट्टी के दिन भी काम करते हुए भुगतान से जुड़े डेटा का एक-एक कर विश्लेषण और सत्यापन किया। जिन रिकॉर्ड में कमियां थीं, उन्हें ठीक कराया गया, ताकि पात्र कार्मिकों और लाभार्थियों के खातों में सही धनराशि पहुंचे। इस दौरान जल्दबाजी के बजाय डेटा की शुद्धता और भुगतान की पारदर्शिता पर भी खास ध्यान दिया गया। एसएनए-स्पर्श पोर्टल से भुगतान के दौरान आधार लिंकिंग से जुड़ी समस्या भी सामने आई, जिसके समाधान के लिए भारत सरकार को पत्र लिखकर जरूरी कार्रवाई का अनुरोध किया गया। तकनीकी बाधाओं से भुगतान में देरी की आशंका के बीच समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए जरूरी कदम उठाए गए।


किन्हें मिला कितना भुगतान:


उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले 74 हजार कार्मिकों को मानदेय, 1.51 लाख आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि और 79,071 जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के लाभार्थियों को योजना के तहत देय राशि का भुगतान किया गया। कुल भुगतान 441.27 करोड़ रुपये का रहा।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.