अब 'एक जिला-एक कला' को बढ़ावा देगी यूपी सरकार, संगीत नाटक अकादमी के स्थापना दिवस पर बोले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' (ओडीओपी) और 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन' (ओडीओसी) की तरह अब 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट' को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' (ओडीओपी) और 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन' (ओडीओसी) की तरह अब 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट' को भी बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोमती नगर के संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर हुए 'धरोहर' कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति को खत्म करके उसे हमेशा के लिए गुलाम बनाने की कई साजिशें हुईं, लेकिन सनातन संस्कृति और लोक कलाओं ने मुश्किल हालात में भी देश की आत्मा को जिंदा रखा।
"तलवार और मानसिक गुलामी भी नहीं मिटा सकी भारत की संस्कृति":
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की कई संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन तलवार और मानसिक गुलामी भी भारत की संस्कृति को नहीं मिटा पाई। हमारी लोक परंपराओं ने पीढ़ी दर पीढ़ी देश की सांस्कृतिक पहचान और आत्मसम्मान को बचाए रखा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कई लोक कलाओं और वाद्ययंत्रों को नजरअंदाज किया गया। संस्कृति की अनदेखी का मतलब सिर्फ कला का खत्म होना नहीं, बल्कि हमारी पहचान के अहम हिस्सों का खो जाना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंच प्रण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए अपनी विरासत पर गर्व करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार आज काशी, अयोध्या, मथुरा और ब्रज क्षेत्र के सांस्कृतिक केंद्रों को फिर से संवार रही है और दीपोत्सव व देव दीपावली जैसे आयोजन दुनिया भर के लोगों को खींच रहे हैं।
हर जिले की खास कला को मिलेगा मंच:
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का ओडीओपी आज खूब नाम कमा रहा है और राज्य का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। इसी तरह 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन' में भी बहुत संभावनाएं हैं। उन्होंने संस्कृति विभाग और सभी अकादमियों को निर्देश दिया कि 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट' कार्यक्रम को प्राथमिकता दी जाए। प्रदेश भर के कलाकारों को मंच मिले और हर जिले की अपनी खास कला को आगे बढ़ाया जाए, ताकि लोग भारतीय संगीत की आध्यात्मिक ताकत को महसूस कर सकें।
"एआई अपनाएं, पर माटी की सुगंध न भूलें":
युवा कलाकारों से मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। युवा टेक्नोलॉजी, डिजिटल माध्यम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का खूब इस्तेमाल करें और नए प्रयोग करके दुनिया के सामने जाएं, लेकिन अपनी माटी की सुगंध, लोक धुन, गुरु की सीख और अपनी जड़ों को कभी न भूलें। उन्होंने कहा कि तकनीक जिंदगी को आसान बनाने के लिए है, अपनी जड़ों और रिश्तों से दूर करने के लिए नहीं।
अकादमी के खाली पद तुरंत भरने के निर्देश:
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विचित्र वीणा, सारंगी, पखावज जैसे लुप्त हो रहे वाद्ययंत्रों पर कलाकारों की प्रस्तुति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रस्तुतियां भरोसा दिलाती हैं कि हमारी विरासत सुरक्षित हाथों में है। मुख्यमंत्री ने मंच से ही अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को निर्देश दिया कि अकादमी में कर्मचारियों की कमी तुरंत दूर की जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए बोर्ड या कमेटी बनाकर चयन करें और जरूरत पड़े तो उम्र में भी छूट दें, लेकिन पद खाली नहीं रहने चाहिए।
"शिव के डमरू और कृष्ण की बांसुरी से निकला संगीत":
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में संगीत सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि भगवान की आराधना का रास्ता है। भगवान शिव के डमरू से माहेश्वर सूत्र निकले और श्रीकृष्ण की बांसुरी व मां सरस्वती की वीणा हमें नाद से जोड़ती है। उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के साथ पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर के योगदान को नमन किया। उन्होंने ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा का भी खास जिक्र किया, जो गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
पुरस्कार राशि बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर:
अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए बताया कि 13 नवंबर 1963 को बनी यह अकादमी संगीत, नृत्य, नाटक और लोक कलाओं को बचाने और आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने अकादमी और कथक केंद्र के कर्मचारियों की सुविधाएं बढ़ाने और खाली पद भरने की जरूरत बताई। प्रोफेसर खोत ने अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर करने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के कलाकारों में काफी उत्साह है। उन्होंने बताया कि धरोहर कार्यक्रम में राज्य कला संग्रहालय और ललित कला अकादमी की खास प्रदर्शनी और रंगोली भी लगाई गई है।
लघु फिल्म दिखाई गई, वाद्ययंत्रों की लगी प्रदर्शनी:
मुख्यमंत्री ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन हुआ। अकादमी के 63 साल के सफर पर बनी लघु फिल्म दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी भी देखी। प्रतियोगिता के विजेता शिवांश सिंह ने विचित्र वीणा, अंशुल तुकवार ने सारंगी, सोहम मिश्र ने तबला, वैभव रामदास ने पखावज और अथर्व प्रताप सिंह ने बांसुरी बजाकर समां बांध दिया। अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह और अपर मुख्य सचिव संस्कृति अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन समेत कला और संस्कृति से जुड़ी कई हस्तियां मौजूद रहीं।