योगी सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा, यूपी पुलिस के 4,543 चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगी नियुक्ति

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ में पुलिस उपनिरीक्षक और समकक्ष पदों पर चयनित 4,543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। भर्ती में नागरिक पुलिस, PAC, विशेष सुरक्षा बल और महिला बटालियनों के उम्मीदवार शामिल हैं।

By  Preeti Kamal November 6th 2026 11:05 AM -- Updated: November 6th 2026 10:58 AM

लखनऊ, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में पुलिस सेवा में शामिल होने का सपना देखने वाले हजारों युवाओं के लिए शुक्रवार, 6 नवंबर का दिन खास है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (SI) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत चयनित 4,543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश पुलिस बल को नए उपनिरीक्षक और प्लाटून कमांडर मिलेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइन्स में सुबह 11 बजे किया जाना निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों में नागरिक पुलिस, प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC), विशेष सुरक्षा बल (SSF) और महिला बटालियनों के लिए चयनित उम्मीदवार शामिल हैं।

किन पदों पर हुआ है 4,543 अभ्यर्थियों का चयन?

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सीधी भर्ती-2025 के तहत कुल 4,543 पदों पर चयन किया गया है। पदों का विवरण इस प्रकार है:

  • 4,242 पद: उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस।
  • 135 पद: PAC में प्लाटून कमांडर।
  • 60 पद: विशेष सुरक्षा बल (SSF) में प्लाटून कमांडर।
  • 106 पद: महिला बटालियनों के लिए महिला उपनिरीक्षक।
  • नागरिक पुलिस के 4,242 उपनिरीक्षकों में 3,394 पुरुष और 848 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
15.75 लाख से अधिक युवाओं ने किया था आवेदन

इस भर्ती प्रक्रिया के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने 12 अगस्त 2025 को विज्ञापन जारी किया था। कुल 4,543 पदों के लिए करीब 15.75 लाख अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था।

भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) से गुजरना पड़ा। इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई 2026 तक शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित की गई। सभी चरणों के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई।

महिला अभ्यर्थियों की भी बड़ी भागीदारी

इस भर्ती में महिला अभ्यर्थियों को भी बड़ी संख्या में अवसर मिला है। नागरिक पुलिस में 848 महिलाओं का चयन हुआ है, जबकि महिला बटालियनों के लिए 106 महिला उपनिरीक्षकों का चयन किया गया है। इस तरह कुल 954 महिला अभ्यर्थी चयनित हुई हैं। इसके अलावा विशेष सुरक्षा बल और महिला बटालियनों में आरक्षी पदों पर भी अलग से भर्ती की गई है।

कार्यक्रम के चलते लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को देखते हुए लखनऊ में रिजर्व पुलिस लाइन्स और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस की ओर से सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रखने की जानकारी दी गई है। निशातगंज, आईटी चौराहा और पुलिस लाइन के आसपास आने-जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

Related Post

49 संकेतकों से परखी जा रही महिला सशक्तीकरण योजनाएं, योगी सरकार ने तय किया 30 प्रतिशत महिला भागीदारी का लक्ष्य
दिव्यांगजन के हुनर को मिलेगा बाजार, लखनऊ में 5-6 नवंबर को लगेगा 'दिव्य दीपावली मेला
दसवें दीपोत्सव में राम की पैड़ी के 56 घाटों पर जगमगाएंगे 30 लाख दीये, नया रिकॉर्ड बनाने के लिए छात्रों ने संभाली कमान
दीपोत्सव-2026: रामनगरी में सजेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, मयूर से छऊ और घूमर से झिझिया तक दिखेंगे देश के रंग
परिषदीय विद्यालयों में बच्चे सीख रहे पर्यावरण संरक्षण का पाठ, 1.42 करोड़ से ज्यादा विद्यार्थियों को किया जा रहा जागरूक
कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेतृत्व में क्लैरिटी, कैपेसिटी और क्रेडिबिलिटी की कमी: सीएम योगी

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.