लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जगाने पर भी जोर दे रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के लगभग 1.32 लाख से ज्यादा परिषदीय विद्यालयों में 1 से 7 नवंबर तक ब्रिक्स (BRICS) सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका मकसद बच्चों को रोजमर्रा की जिंदगी में पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

यह सप्ताह मिशन लाइफ के सात विषयों पर आधारित है। इसके जरिए प्रदेश के सभी विद्यालयों में पढ़ रहे लगभग 1.42 करोड़ से ज्यादा विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही उन्हें अपने घर और समुदाय तक टिकाऊ जीवनशैली का संदेश पहुंचाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में इको क्लबों की अहम भूमिका है। सप्ताह की गतिविधियों की जानकारी और जरूरी सूचना-शिक्षा-संचार सामग्री पोर्टल   ecoclubs.education.gov.inसे ली जा सकती है।

सात दिन, सात विषय:

सप्ताह के हर दिन एक अलग विषय पर गतिविधियां हो रही हैं। 1 नवंबर को स्वस्थ जीवनशैली, 2 नवंबर को ऊर्जा की बचत और 3 नवंबर को जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां हो चुकी हैं। 4 नवंबर को टिकाऊ खाद्य प्रणालियों पर गतिविधियों के जरिए बच्चों को टिकाऊ जीवनशैली का महत्व समझाया गया। अब 5 नवंबर को एकल उपयोग प्लास्टिक से दूरी, 6 नवंबर को ई-कचरा कम करने और 7 नवंबर को कचरा कम करने पर कार्यक्रम होंगे। इनके जरिए बच्चों को संसाधनों का समझदारी से इस्तेमाल करने और पर्यावरण बचाने का महत्व समझाया जा रहा है।

शपथ, पोस्टर और कार्यशालाओं से जागरूकता:

योगी सरकार विद्यालयों को पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का केंद्र बनाने पर जोर दे रही है। कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में मिशन लाइफ की शपथ, पोस्टर बनाना, रचनात्मक गतिविधियां, कार्यशालाएं और जागरूकता अभियान आयोजित किए जा सकते हैं। विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी से ऊर्जा बचत, जल संरक्षण, प्लास्टिक के विकल्प, कचरे को अलग-अलग करने और चीजों के दोबारा इस्तेमाल जैसे विषयों पर संदेश दिया जा रहा है। बच्चों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे ये आदतें सिर्फ स्कूल तक सीमित न रखें, बल्कि घर और आसपास भी अपनाएं।

बच्चों की आज की आदतें बनेंगी कल की मजबूत नींव: संदीप सिंह

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ उन्हें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के जरिए विद्यार्थियों को ऊर्जा और जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम इस्तेमाल और कचरा प्रबंधन जैसी आदतों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों में आज बनने वाली ये आदतें आगे चलकर पर्यावरण संरक्षण की मजबूत नींव बनेंगी।

परिवार और समुदाय तक पहुंचेगा संदेश: मोनिका रानी

स्कूल शिक्षा की महानिदेशक मोनिका रानी ने बताया कि ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत परिषदीय विद्यालयों में मिशन लाइफ के सात विषयों पर गतिविधियां कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इको क्लबों और विद्यार्थियों की भागीदारी से पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की कोशिश हो रही है। साथ ही बच्चों को ये संदेश अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।