योगी सरकार में रात का सफर हुआ आसान, छठ पर 14 हजार से अधिक रोडवेज बसें दौड़ीं

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और परिवहन सुविधाओं में हुए सुधार का असर रात्रिकालीन आवागमन पर साफ दिखाई दे रहा है।

By  Mangala Tiwari November 14th 2026 07:15 PM

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और परिवहन सुविधाओं में हुए सुधार का असर रात्रिकालीन आवागमन पर साफ दिखाई दे रहा है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार से रात में सफर करने वाले यात्रियों का भरोसा बढ़ा है। नौकरीपेशा महिलाएं, छात्राएं और परिवार के साथ यात्रा करने वाली महिलाएं भी अब रात में लंबी दूरी तय कर रही हैं।


छठ पर्व पर रोडवेज की 14 हजार से अधिक बसों का संचालन हो रहा है। इनमें 5 हजार बसें रात में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा रही हैं। फिलहाल रात्रिकालीन सेवाओं में प्रतिदिन 2 लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। दिल्ली से पूर्वांचल के प्रमुख शहरों के लिए करीब 550 बसें चलाई जा रही हैं। पर्व-त्योहारों पर रोडवेज की नाइट सर्विस में उमड़ रही यात्रियों की भीड़ इस बदलाव को दर्शाती है। सरकार का जोर ऐसे सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल को मजबूत करने पर है, जहां महिलाएं और पुरुष दोनों अपनी जरूरत के मुताबिक दिन या रात में सफर कर सकें।


परिवहन सेवाओं के विस्तार से बढ़े विकल्प:


सरकार ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन और पुलिस की सक्रियता जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किया है। वहीं, सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार से रात में आवागमन के विकल्प भी बढ़े हैं। इसका लाभ नौकरीपेशा महिलाओं, छात्राओं और परिवार के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को मिल रहा है। रात में बसों की उपलब्धता से उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा की योजना बनाने में मदद मिलती है। बेहतर कानून-व्यवस्था और परिवहन सुविधाओं ने रात्रिकालीन सफर को लेकर सकारात्मक माहौल तैयार किया है।


महिलाओं के लिए यात्रा हुई सुविधाजनक:


नाइट सर्विस महिलाओं के लिए भी उपयोगी साबित हो रही है। नौकरी या दूसरे जरूरी कामों के बाद घर लौटने वाली महिलाएं अपनी सुविधा से बस में सफर कर सकती हैं। त्योहारों पर मायके या ससुराल जाने वाली महिलाओं के लिए भी रात की बसें सुविधाजनक विकल्प बन रही हैं। महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की लगातार सक्रियता और परिवहन व्यवस्था सुधारने की कोशिशों से सार्वजनिक आवागमन में भरोसे का माहौल मजबूत हुआ है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण के साथ आवागमन की अधिक स्वतंत्रता उपलब्ध कराना है।


छठ पर घर वापसी के लिए अतिरिक्त बसें:


अपर मुख्य सचिव परिवहन अमृत अभिजात ने बताया कि छठ महापर्व पर पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए 13 से 17 नवंबर तक अधिक से अधिक बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ और अन्य महानगरों में रहने वाले पूर्वांचलवासियों को घर पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें संचालित करने और आवागमन सुव्यवस्थित रखने को कहा गया है। इस व्यवस्था से दिन के साथ रात में भी यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे। खासकर कामकाजी महिलाओं और पुरुषों को अपनी सुविधा से घर लौटने में मदद मिलेगी।


दीपावली पर छह दिनों में एक करोड़ से अधिक यात्रियों ने किया सफर


दीपावली के छह दिनों में एक करोड़ से अधिक यात्रियों ने रोडवेज बसों से यात्रा की। आंकड़े इस प्रकार हैं:


- 6 नवंबर: 18.06 लाख

- 7 नवंबर: 16.72 लाख

- 8 नवंबर: 17.36 लाख

- 9 नवंबर: 14.12 लाख

- 10 नवंबर: 16.42 लाख

- 11 नवंबर: 19.45 लाख से अधिक



रात में फंसे दंपती को घर पहुंचाया, रास्ता भटकी मूक-बधिर महिला को परिजनों से मिलाया:


महिला सुरक्षा और सहायता के प्रति यूपी-112 की तत्परता जरूरतमंदों को लगातार राहत पहुंचा रही है। वर्ष 2019 से अब तक 5,274 महिलाओं को 'एस्कॉर्ट फॉर सेफ्टी' सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।


इसी क्रम में सुल्तानपुर के कादीपुर क्षेत्र में 31 अक्टूबर की रात कोई साधन न मिलने से परेशान पति-पत्नी को पीआरवी-9391 ने अपने वाहन से बारी हमीदपुर स्थित उनके घर सकुशल पहुंचाया। वहीं, गोंडा के कटरा बाजार क्षेत्र में रास्ता भटकी मूक-बधिर महिला को पीआरवी-9132 के पुलिसकर्मियों ने उसके इशारों से रास्ता समझकर परिजनों तक पहुंचाया।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.