यूपीटीईटी-2026 की तारीखें घोषित, 26 और 27 फरवरी 2027 को होगी परीक्षा, 24 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध भर्ती एवं चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 की समय-सारिणी घोषित कर दी गई है।

By  Mangala Tiwari November 19th 2026 01:09 AM

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी, सुव्यवस्थित और समयबद्ध भर्ती एवं चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 की समय-सारिणी घोषित कर दी गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से यह परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की शिक्षक पात्रता परीक्षा का विज्ञापन 24 नवंबर 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा।


आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यूपीटीईटी-2026 में 'वन टाइम रजिस्ट्रेशन' (ओटीआर) की व्यवस्था लागू की गई है। सभी अभ्यर्थियों को ओटीआर प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी विस्तृत विज्ञापन और निर्देश-पुस्तिका आयोग की वेबसाइट पर दिए गए लिंक https://uptet.upessc.org/otr/info के जरिए देख सकते हैं। निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट पर अपलोड विस्तृत विज्ञापन का ध्यानपूर्वक अध्ययन करने के बाद 24 नवंबर 2026 से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया में आवेदन कर सकेंगे।


आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने विज्ञापन से जुड़ी प्रमुख तिथियों की जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञापन का प्रकाशन, ऑनलाइन पंजीकरण (ओटीआर) और आवेदन 24 नवंबर 2026 से शुरू होंगे। अभ्यर्थी 23 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। इसके बाद यदि किसी अभ्यर्थी के आवेदन में कोई त्रुटि रह जाती है, तो उसे सुधारने के लिए 27 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन में संशोधन का अवसर दिया जाएगा।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.