बारिश-बाढ़ से खराब सड़कों की तुरंत मरम्मत के निर्देश, CM योगी ने PWD कार्यों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में PWD कार्यों की समीक्षा करते हुए बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों, अस्पतालों, बाजारों और शिक्षण संस्थानों के आसपास की सड़कें दुरुस्त करने पर जोर दिया।

By  Preeti Kamal September 11th 2026 03:40 PM -- Updated: September 11th 2026 03:13 PM

लखनऊ, उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए नए मार्गों का भी सर्वे कराया जाए। जिन सड़कों की स्थिति खराब है, उन्हें फिलहाल मोटरेबल बनाया जाए, जबकि बरसात समाप्त होने के बाद जरूरत के अनुसार उनका स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आगामी पर्व और त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होगा। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व और त्योहारों से पहले जरूरी मरम्मत और नवीनीकरण के सभी कार्य पूरे किए जाएं। सड़कों को आवागमन योग्य बनाने के साथ-साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

अस्पताल और बाजारों के आसपास की सड़कें प्राथमिकता पर

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, मुख्य बाजारों, सरकारी कार्यालयों और ऐसे अन्य स्थानों की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए, जहां आमजन का आवागमन अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मार्गों पर तत्काल काम शुरू कराया जाए। जहां मरम्मत की आवश्यकता है, वहां बिना किसी देरी के सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए। उन्होंने काम में तेजी के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कई विभागों की कार्ययोजनाओं की समीक्षा

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से उनकी कार्ययोजना की जानकारी ली। इसके अलावा मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्ययोजनाओं की भी समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों में विभागों के बीच प्रभावी तालमेल से आमजन को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

Related Post

Explained: BSP Crisis: मायावती के भरोसे पर भारी पड़ा परिवार का रिश्ता, आकाश आनंद के निष्कासन के पीछे क्या है सत्ता की अंदरूनी लड़ाई?
पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर CM योगी ने किया नमन, बताया सुशासन का आदर्श
BSP में आकाश आनंद की वापसी पर मायावती ने रखी शर्त, अशोक सिद्धार्थ को लेकर साफ किया रुख
UP Election 2027: रायबरेली में कांग्रेस के ‘0’ का संकट खत्म कर पाएंगे राहुल गांधी? सोनिया युग लौटाने की बड़ी चुनौती
UP Election 2027: BJP के आंतरिक सर्वे से बढ़ी टेंशन, 125-128 विधायकों के टिकट पर संकट!
लाल गमछे से नीली ड्रेस तक... अखिलेश यादव का बड़ा सियासी दांव, दलित वोट पर नजर; ओपी राजभर बोले- रंग बदलने से विचारधारा नहीं बदलती

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.