पीडब्ल्यूडी की समीक्षा में सीएम सख्त, लंबित परियोजनाओं में देरी पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा में परियोजनाएं शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

By  Mangala Tiwari June 30th 2026 10:53 PM

बरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा में परियोजनाएं शुरू करने के निर्देश दिए हैं। जनप्रतिनिधियों से प्राप्त करीब 2200 विकास प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सभी स्वीकृत योजनाओं को 15 जुलाई तक अंतिम मंजूरी दी जाए और बजट जारी होते ही 15 अगस्त तक सड़क, पुल व अन्य निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कराया जाए।


सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही या देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


60 आधुनिक स्वच्छता वाहनों को किया रवाना:

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने नगर निगम की ओर से खरीदे गए 60 आधुनिक स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें रोबोटिक मैनहोल सीवर क्लीनिंग मशीनें, सीएनजी ऑटो टिपर, स्किड लोडर और बैकहो लोडर जैसी मशीनें शामिल हैं। इन संसाधनों के उपयोग से शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाने का लक्ष्य है। साथ ही सीवर की सफाई में मानव श्रम पर निर्भरता कम होगी।


चार श्रेणियों में होगा कचरे का संग्रह:

नगर निगम के अनुसार नए सीएनजी ऑटो टिपरों के जरिए घर-घर से कचरा अलग-अलग श्रेणियों गीला, सूखा, स्पेशल केयर वेस्ट और सैनिटरी वेस्ट में एकत्र किया जाएगा। वहीं रोबोटिक सीवर मशीनें बिना किसी व्यक्ति को सीवर में उतारे सफाई करने में सक्षम हैं। स्किड लोडर और बैकहो लोडर का उपयोग नालों की सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने में किया जाएगा।


पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सेवा पर भी जोर:

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर में बेल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने दीप चैरिटेबल ट्रस्ट, बरेली की मोबाइल नेत्र चिकित्सा वैन का शुभारंभ किया। इस सेवा के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक नेत्र उपचार और जांच की सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.