अस्पतालों की संख्या के साथ इलाज की गुणवत्ता भी बढ़ाएगी योगी सरकार, शुरू होगी 'आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा'

योगी सरकार आयुष्मान योजना को और प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश भर में 'आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा' अभियान शुरू करने जा रही है।

By  Mangala Tiwari November 19th 2026 06:20 PM

लखनऊ:  योगी सरकार आयुष्मान योजना को और प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश भर में 'आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा' अभियान शुरू करने जा रही है। इसका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं देने वाले अधिक से अधिक अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ना और पहले से सूचीबद्ध अस्पतालों को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करना है। सरकार का मानना है कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार केवल अस्पतालों और बेड की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि मरीजों को मिलने वाले उपचार की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता में भी लगातार सुधार होना चाहिए। इसी सोच के तहत अस्पतालों को गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे आयुष्मान लाभार्थियों को बेहतर सुविधाओं वाले अस्पतालों में इलाज के अधिक विकल्प मिलेंगे।


अस्पतालों की पहचान कर एम्पैनलमेंट के लिए किया जाएगा आमंत्रित:


स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में 'आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा' नाम से विशेष अभियान शुरू करने की पहल की गई है।


उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में पहले से नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) से मान्यता प्राप्त अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध करना है। प्रदेश में कई ऐसे अस्पताल हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी चिकित्सा सेवाएं विकसित की हैं, लेकिन वे अभी तक योजना में सूचीबद्ध नहीं हैं। ऐसे अस्पतालों की पहचान कर उन्हें एम्पैनलमेंट के लिए आमंत्रित और प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को योजना से जुड़ने की प्रक्रिया और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे एक ओर लाभार्थियों को बेहतर सुविधाओं वाले अस्पतालों में इलाज का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने वाले संस्थानों का दायरा भी बढ़ेगा।


सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की होगी पहचान:


सीईओ ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल नए अस्पतालों को योजना से जोड़ना नहीं है, बल्कि पहले से सूचीबद्ध अस्पतालों की गुणवत्ता में भी सुधार लाना है। इसके तहत मौजूदा अस्पतालों को एनएबीएच मान्यता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्हें राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था को विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


इसके लिए अस्पतालों को गुणवत्ता मानकों की जानकारी देने, सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की पहचान करने और एनएबीएच प्रमाणन की प्रक्रिया समझाने पर विशेष जोर रहेगा। अस्पताल प्रबंधन को बताया जाएगा कि निर्धारित मानकों को अपनाकर चिकित्सा सेवाओं को कैसे अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और मरीजों के अनुकूल बनाया जा सकता है। इस पहल से आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों में गुणवत्ता सुधार की निरंतर प्रक्रिया विकसित करने का प्रयास होगा। इससे मरीजों को इलाज के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ अस्पतालों की जवाबदेही और सेवा मानकों में भी सुधार की उम्मीद है।


अस्पतालों की संख्या के साथ गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर:


अभियान के तहत अस्पतालों, चिकित्सा विशेषज्ञों और संबंधित संस्थाओं के साथ संवाद और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके जरिए अस्पतालों को गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व और राष्ट्रीय मानकों को अपनाने के फायदों के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही यह भी समझाया जाएगा कि गुणवत्ता प्रमाणन केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह मरीजों की सुरक्षा, बेहतर उपचार व्यवस्था और अस्पतालों की कार्यप्रणाली में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम है। एनएबीएच मान्यता से अस्पतालों को अपनी सेवाएं तय मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा मिलेगी।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.