योगी सरकार में यमुना प्राधिकरण बना हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग हब, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है।

By  Mangala Tiwari June 28th 2026 04:25 PM

नोएडा/लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है। खासकर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में कई बड़े औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। यहां अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, ओडीओपी पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क बनाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये का निवेश आएगा और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा।

206 एकड़ में बनेगा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पार्क:

यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-10 में 206.40 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी पार्क) बनाया जाएगा। इस परियोजना को 24 जून 2025 को भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से मंजूरी मिली थी। पार्क का निर्माण 31 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए निर्माण कार्य भी शुरू किया जा चुका है।

417 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण:

इस ईएमसी पार्क पर करीब 417 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें केंद्र सरकार 144.48 करोड़ रुपये और यमुना प्राधिकरण 272.52 करोड़ रुपये का योगदान देगा। इसके बनने से उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और नई कंपनियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सोलर सेक्टर में 8,253 करोड़ रुपये का निवेश:

यीडा के सेक्टर-8 में सात्विक सोलर प्राइवेट लिमिटेड की नई यूनिट लग रही है। 200 एकड़ में बनने वाली इस परियोजना में सोलर सेल और सोलर मॉड्यूल तैयार किए जाएंगे। इसमें 8,253 करोड़ रुपये का निवेश होगा और करीब 5,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

सेमीकंडक्टर उद्योग में भी बड़ा निवेश:

सेक्टर-10 में एसेंड सर्किट्स प्राइवेट लिमिटेड को 16 एकड़ जमीन दी गई है। कंपनी यहां फ्लेक्सिबल पीसीबी, एचडीआई पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का निर्माण करेगी। इस परियोजना में 3,250 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 1,500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का भी होगा निर्माण:

सेक्टर-8 में अंबर एंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड को 100 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। यहां कॉपर क्लैड लैमिनेट्स, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद और अन्य इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स बनाए जाएंगे। इस परियोजना में 3,532 करोड़ रुपये का निवेश होगा और करीब 2,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

औद्योगिक पार्क बदल रहे प्रदेश की तस्वीर:

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बन रहे विभिन्न औद्योगिक पार्कों से उत्तर प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। इससे प्रदेश की औद्योगिक पहचान भी मजबूत हो रही है।

निवेशक-हितैषी नीतियों का मिल रहा लाभ:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की निवेशक-हितैषी नीतियों, बेहतर कानून-व्यवस्था और मजबूत आधारभूत सुविधाओं के कारण बड़ी कंपनियां उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, सोलर ऊर्जा और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में हो रहा निवेश प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल कर रहा है। साथ ही, इन परियोजनाओं से हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.