'योगी की पाती' के 50 सप्ताह पूरे, सीएम योगी 16 नवंबर को करेंगे कॉफी टेबल बुक का विमोचन

जनता और सरकार के बीच बातचीत की पहल 'योगी की पाती' अब अपने 50 सप्ताह पूरे कर रही है।

By  Mangala Tiwari November 15th 2026 06:24 PM

लखनऊ: जनता और सरकार के बीच बातचीत की पहल 'योगी की पाती' अब अपने 50 सप्ताह पूरे कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह पहल उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ परिवारों से सीधे जुड़ने और उनके जीवन, उम्मीदों और प्रदेश की विकास यात्रा पर बात करने के लिए शुरू की गई थी। 50 सप्ताह पूरे होने पर 16 नवंबर को विशेष कार्यक्रम होगा।


मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर होने वाले कार्यक्रम में 'योगी की पाती' के 50 सप्ताह के सफर पर बनी कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही वे 1090 परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई खास प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। प्रदर्शनी में पाती के जरिए प्रदेश के लोगों तक पहुंचाए गए संदेश, विचार और जनता से जुड़े मुद्दे चित्रों और दूसरे रचनात्मक तरीकों से दिखाए जाएंगे।


'योगी की पाती' मुख्यमंत्री और जनता के बीच संवाद का ऐसा जरिया बनी है, जिसमें सरकार की प्राथमिकताओं के साथ आम लोगों की जिंदगी से जुड़े विषयों को भी जगह मिली है। किसान, नौजवान, महिलाएं, आस्था, विकास, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों के जरिए यह पहल प्रदेश की सामाजिक और विकास यात्रा को आम बोलचाल की भाषा में सामने रखती रही है।


कॉफी टेबल बुक में 50 सप्ताह का सफर:


50 सप्ताह के सफर पर बनी कॉफी टेबल बुक में मुख्यमंत्री की पातियों के मुख्य संदेश, उनके विषय, जनहित से जुड़े मुद्दे और प्रदेश की बदलती तस्वीर शामिल की गई है। यह किताब सिर्फ छपे हुए पत्रों का संग्रह नहीं होगी, बल्कि जनता से संवाद की इस लगातार चल रही पहल का दस्तावेज होगी। इसमें उन विषयों की झलक मिलेगी, जिनके जरिए सरकार और समाज के बीच विचारों, उम्मीदों और विकास की प्राथमिकताओं का पुल बना है।


1090 परिसर में प्रदर्शनी:


प्रदर्शनी में 'योगी की पाती' के 50 सप्ताह के सफर को क्रम से दिखाया जाएगा। अलग-अलग सप्ताहों की थीम, पातियों के संदेश और उनसे जुड़े मुख्य जनमुद्दे इसके केंद्र में होंगे। प्रदर्शनी का मकसद इस पहल की मूल भावना को आम लोगों तक पहुंचाना और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस संवाद से जोड़ना है।


एक सप्ताह, सात पातियां और सात सांस्कृतिक संध्याएं:


इस मौके पर सात दिन का सांस्कृतिक उत्सव भी होगा। हर दिन की सांस्कृतिक संध्या 'योगी की पाती' की एक खास थीम पर होगी। इसमें प्रदेश के सामाजिक जीवन, विकास, सांस्कृतिक चेतना और जनकल्याण से जुड़े विषयों को गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पेश किया जाएगा।


सोमवार की 'मिट्टी की पाती' में किसान, खेती और गोवंश के संरक्षण व संवर्धन से जुड़े विषय होंगे। मंगलवार की 'बेटी की पाती' महिला सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ती बेटियों की आकांक्षाओं पर होगी। बुधवार की 'नौजवान की पाती' रोजगार, मेहनत, कौशल और युवाओं के सपनों पर केंद्रित होगी।


गुरुवार की 'आस्था की पाती' में अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत दिखाई जाएगी। शुक्रवार की 'रफ्तार की पाती' में एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों, मेट्रो और औद्योगिक विकास के विस्तार की बात होगी। शनिवार की 'सुकून की पाती' सुरक्षित उत्तर प्रदेश, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा पर होगी। रविवार की 'आपकी पाती' में बीते दस सालों के सफर को गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए पेश किया जाएगा।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.