'योगी की पाती' सत्ता और समाज के बीच भरोसे की डोर बनी, जगतगुरु सतीशाचार्य जी महाराज ने की सीएम की पहल की तारीफ

जनता से सीधी बातचीत, संवेदना और भरोसे का जरिया बनी 'योगी की पाती' अपने 50 सप्ताह पूरे कर चुकी है।

By  Mangala Tiwari November 18th 2026 07:41 PM

लखनऊ:  जनता से सीधी बातचीत, संवेदना और भरोसे का जरिया बनी 'योगी की पाती' अपने 50 सप्ताह पूरे कर चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल की समाज के अलग-अलग वर्गों से सराहना हो रही है। जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज ने भी 'योगी की पाती' के कई अंक पढ़ने के बाद इस पहल की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि योगी की पाती उत्तर प्रदेश के हर नागरिक को भरोसा दिलाती है कि सत्ता उनकी बात सुन रही है, उनकी तकलीफों को महसूस कर रही है और परिवार के मुखिया की तरह उनके सुख-दुख में साथ खड़ी है।


सत्ता और समाज के बीच भरोसे का पुल:


जगतगुरु ने 'योगी की पाती' को सरकार और आम लोगों के बीच आत्मीय संवाद का असरदार जरिया बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की जिम्मेदारी सिर्फ योजनाएं बनाने और लागू करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनता की भावनाओं, उम्मीदों और समस्याओं को समझना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल इसी भावना को दिखाती है।


उन्होंने कहा कि अलग-अलग विषयों पर लिखी गई पातियों के जरिए सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रद्धालुओं और समाज के दूसरे वर्गों से जुड़ने की कोशिश की है। इससे शासन के मानवीय पक्ष और जनता से जुड़े मुद्दों को भी आवाज मिली है।


50 सप्ताह के सफर पर विशेष प्रदर्शनी:


लखनऊ के गोमतीनगर में 1090 चौराहे पर 'योगी की पाती' के 50 सप्ताह के सफर पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगी है। इसमें पातियों के मुख्य संदेश, अलग-अलग विषय और जनता से जुड़े मुद्दे आकर्षक ढंग से दिखाए जा रहे हैं। साथ ही सात दिन का सांस्कृतिक उत्सव भी चल रहा है। इसमें किसान, खेती और गोवंश संरक्षण, महिला सुरक्षा और सम्मान, युवाओं के रोजगार और कौशल, धार्मिक विरासत, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, औद्योगिक विकास, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों को गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दिखाया जा रहा है।


कॉफी टेबल बुक में दर्ज हुआ 50 सप्ताह का सफर:


'योगी की पाती' के 50 सप्ताह पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कॉफी टेबल बुक का विमोचन कर चुके हैं। इस किताब में पातियों के मुख्य संदेश, उनके विषय, जनहित के मुद्दे और प्रदेश की बदलती तस्वीर शामिल है। यह सिर्फ छपे हुए पत्रों का संग्रह नहीं, बल्कि सरकार और समाज के बीच लगातार चल रहे संवाद के सफर का दस्तावेज है। इसमें विकास, आस्था, सामाजिक सरोकार, जनकल्याण और प्रदेश की उपलब्धियों से जुड़े कई पहलुओं को जगह दी गई है।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.